लगातार बारिश में ढह गई मकान की दीवार

अंबेडकर आवास की घटना, सुबह से हो रही बूंदाबांदी

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ़। जिले में मानसून की दस्तक के साथ ही लगातार बारिश हो रही है। गुरुवार सुबह से हल्की बूंदाबांदी हो रही थी। इसी दौरान आईटीआई कॉलोनी स्थित अंबेडकर आवास में एक मकान की दीवार गिर गई। हादसे की जानकारी मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित मकान को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
दरअसल, वार्ड क्रमांक 24 के तहत आने वाली आईटीआई कॉलोनी में अंबेडकर आवास योजना के तहत 276 मकान बनाए गए हैं। इनमें से कई मकान वर्षों से जर्जर हालत में हैं। इसके बावजूद लोग इन मकानों में रहने को मजबूर हैं।
हल्की बारिश के बीच अंबेडकर आवास में रहने वाली गीता यादव के मकान की एक दीवार अचानक गिर गई। हादसे के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। गीता यादव ने बताया कि, सुबह तक सब कुछ सामान्य था। वह काम पर चली गई थी और बच्चे भी स्कूल जा चुके थे। तभी बच्चों ने उन्हें फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह तुरंत घर पहुंचीं और वार्ड पार्षद को मामले की जानकारी दी।
स्थानीय लोगों में दहशत
घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड पार्षद त्रिवेणी डहरे ने नगर निगम प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित परिवार को पास के सुरक्षित मकान में शिफ्ट किया गया।दीवार गिरने की घटना के बाद आसपास के निवासियों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से जर्जर मकानों की मरम्मत नहीं हुई है। वार्ड पार्षद का भी कहना है कि सभी जर्जर मकानों को खाली कराकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
निगम टीम सर्वे करेगी
नगर निगम उपायुक्त सुतीक्षण यादव ने बताया कि मकान की दीवार सिपेज (पानी रिसाव) के कारण गिरी है। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। निगम की टीम अब पूरे क्षेत्र का सर्वे करेगी और जिन मकानों की स्थिति खराब है, उन्हें चिन्हित कर त्वरित व्यवस्था की जाएगी।

Share This Article