जेसीबी ने श्रमिक को कुचला, मौके पर मौत

Gupta Lochan
2 Min Read

पत्थलगांव। बीती रात पत्थलगांव के दर्रापारा मोहल्ले में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नशे में धुत जेसीबी चालक ने सडक़ किनारे पैदल चल रहे एक मजदूर को कुचल दिया। मृतक की पहचान 50 वर्षीय सोहन साय गौर साय सिदार के रूप में हुई है, जो तुमला थाना क्षेत्र के फरसाटोली का निवासी था और कई वर्षों से पत्थलगांव में मजदूरी कर जीवन यापन कर रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक सोहन साय दर्रापारा की सडक़ पर पैदल जा रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार और अनियंत्रित जेसीबी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का सिर कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक जेसीबी सहित मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में पता चला है कि जेसीबी चालक शराब के नशे में था और वाहन को लहराते हुए चला रहा था। पुलिस अब आरोपी चालक की तलाश में जुट गई है। यह घटना न सिर्फ लापरवाही का परिणाम है, बल्कि शराब के नशे में वाहन चलाने की गंभीरता को भी उजागर करती है। बता दे कि दर्रा पारा में महुआ शराब की अवैध बिक्री जोरो पर है।

Share This Article