सूने मकान में चोरी, तीन गिरफ्तार, चोरी की बाइक-टीवी बरामद

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन पर कोतरारोड़ पुलिस ने घर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी गई मोटरसाइकिल और एलईडी टीवी को बरामद कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
घटना दिनांक 9 जून को सामने आई जब प्रार्थी राजकुमार भगत, निवासी सीतापुर (खैरपुर), थाना कोतरारोड़ ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पूजा-पाठ करने वाले उपेन्द्र पाठक बाबा, जो अपने घर को बंद कर परिवार सहित मूल निवास स्थान छपरा, बिहार शादी समारोह में गए थे, उनके घर में रात के समय (8-9 जून की रात) चोरी हो गई है। इस रिपोर्ट पर थाना कोतरारोड़ में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(4) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित विवेचना करते हुए संदेही अर्जुन भगत को सीतापुर (खैरपुर) से पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों विजय यादव और रमन पटेल के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया। तीनों ने मिलकर 8 जून की शाम को उपेन्द्र पाठक के बंद घर की रेकी की और रात में विजय यादव द्वारा लोहे के सरिये से ताला तोडक़र अंदर प्रवेश किया गया।
घर में सोना-चांदी या नकद धनराशि नहीं मिलने पर आरोपियों ने वहां से मोटरसाइकिल और एक टीवी चुरा ली। उनका इरादा चोरी के सामान को बेचकर पैसे को आपस में बांटने का था। पुलिस ने सभी आरोपियों से चोरी गई बाइक, टीवी और घटना में प्रयुक्त लोहे का सरिया जब्त कर लिया है तथा प्रकरण में धारा 3(5) बी.एन.एस. की वृद्धि की गई है।

Share This Article