जल्द करें नालों की सफाई पूर्ण : आयुक्त क्षत्रिय

आयुक्त क्षत्रिय ने किया नाला सफाई एवं सडक़ निर्माण का निरीक्षण

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ़। बारिश पूर्व शहर के बड़े नाला की सफाई जारी है। इसकी निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय द्वारा लगातार समीक्षा की जा रही है। गुरुवार को आयुक्त श्री क्षत्रिय द्वारा मोहदापारा नाला सफाई कार्य का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने समय सीमा पर नाला सफाई जल्द पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। पिछले करीब दो माह से शहर के डुबान क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए नाला सफाई की जा रही है। शहर के चार मुख्य बड़े नाला से पानी की निकासी होती है। इसमें एक नाला भगवानपुर, कांदाजोर, लक्ष्मीपुर होते हुए केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड तक जाती है। इसमें सीएमएचओ तिराहा तक एवं गोरखा नाला की सफाई हो गई है। वर्तमान में पतरापाली और ढीमरापुर में सफाई चल रही है। इसी तरह कोतरारोड से रामभाठा होते हुए कार्मेल स्कूल, लक्ष्मीपुर तक मिलती है। तीसरा सोनूमुड़ा, मोहदापारा, गोगा रईस मिल तक, इसमें वर्तमान में मोहदापारा में सफाई चल रही है। इसी तरह चौथा नाला पहाड़ मंदिर, चिरंजीवदास नगर, रोज गार्डन, कृष्णा नगर होते हुए मेडिकल कॉलेज स्कूल तक नाला सफाई पूर्ण हो गई। इन सभी नाला सफाई कार्य तीन चैन माउंटेन पोकलेन के माध्यम से हो रही है। आज निगम आयुक्त श्री क्षत्रिय ने मोहदपारा सहित अन्य नाला सफाई कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नाला सफाई कार्य की पूर्ण जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लगातार बारिश हो रही है। इसी तरह इस बार मानसून जल्दी आने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द नाला सफाई कार्य पूर्ण करना होगा। उन्होंने समय में नाला सफाई कार्य पूर्ण कराने एवं प्रति दिवस बड़े नालों की सफाई की स्थिति का प्रतिवेदन देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान उन्होंने नालों से पानी निकासी में अवरोध उत्पन्न करने वाले झाड़, घास के साथ मलबा को भी अच्छी तरह से नाला से निकलने की बात कही। उन्होंने शहर के गली मोहल्ले में बरसात में पानी भरने की समस्या को ध्यान में रखते हुए गली-मोहल्ले की नाला नालियों की सफाई गैंग लगाकर नियमित रूप से करने के निर्देश सफाई विभाग के अधिकारी एवं सफाई दरोगा को दिए।
गुणवत्ता के साथ करें सडक़ का निर्माण
नाला सफाई निरीक्षक से वापस लौटते समय आयुक्त श्री क्षत्रिय ने विकास नगर चर्च से सावित्री नगर डामरीकृत सडक़ निर्माण को भी देखा। इस दौरान उन्होंने ठेकेदार एवं उपस्थित निगम के इंजीनियर को मौसम को ध्यान में रखते हुए ही डामरीकृत सडक़ निर्माण कार्य करने की बात कही। उन्होंने पूर्ण गुणवत्ता के साथ ही सडक़ निर्माण करने और बरसात का पानी सडक़ में भरे या ठहरे नहीं इसलिए सडक़ निर्माण के समतलीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

Share This Article