भुजबंधान डबरी से कब्जा नहीं हटाया तो बारिश में डूबेंगे 3 मोहल्ले

बावलीकुआं व धांगरडीपा वासियों ने निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ। गुरूवार को निगम आयुक्त ब्रजेश सिंह क्षत्रिय से मिलकर बावलीकुंआ और धांगरडीपा मोहल्ले के लोगों ने शिकायती ज्ञापन सौंपा और बताया कि बारिश से पहले भुजबंधान तालाब की डबरी से अतिक्रमण हटाकर नाले की सफाई नहीं की गई तो इस बारिश में बावलीकुंआ से लेकर धांगरडीपा और बैकुंठपुर एरिया के झाखर गली के भी सभी घर जलमग्न हो जाएंगे।
आयुक्त से अपनी परेशानी बताते हुए लोगों ने कहा कि बावली कुआं क्षेत्र में स्थित भुजबंधान तलाब से लगी ख़बरी पर अतिक्रमण होने एवं कभी सफाई नहीं होने से बारिश में पानी की निकासी नहीं होती है। वहीं इस बार तो स्थिति इतनी विकराल हो गई है कि भरी गर्मी में भी इस डबरी से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और सडक पर मोहल्ले की गली में ही सडक के उपर से नाले का गंदा बह रहा है। हर बार बारिश में जल निकासी नहीं होने से नालियों का गंदा पानी मोहल्ले वासियों के घरों में घुस जाता है। जिससे गंभीर बिमारियां उत्पन्न होती है। सांप, बिच्छु घर में आ जाते है एवं घरों के ढहने की स्थिति निर्मित होती है। अत: बावली कुआं क्षेत्र में स्थित भुजबंधान तलाब एवं डबरी पर अतिक्रमण हटवाने, जेसीबी व पोकलेन से डबरी की साफ-सफाई कराने एवं जल निकासी हेतु समुचित व्यवस्था करवाना सुनिश्चित करें। जिसके लिए समस्त मोहल्लेवासी आपके सदा आभारी रहेगें।
बारिश से पहले दहशत में मोहल्लेवासी
बावलीकुंआ बैकुंठपुर धांगरडीपा समेत करीब आधा दर्जन मोहल्लों से घिरी भुजबंधान तालाब को लेकर मोहल्लेवासी परेशान हैं। दरअसल तालाब तो पूरी सूख चुकी है लेकिन सालों पहले इसी तालाब को काटकर बनाई गई डबरी अब अतिक्रमण व अवैध कब्जे का शिकार हो रही है। ढलान बसे होने के कारण बावलीकुंआ मोहल्ले से करीब आधा दर्जन मोहल्लो का पानी आता है और एक डेढ़ फिट की छोटी सी नाली से होकर इसी डबरी में जाता है लेकिन अब डबरी पूरी तरह से भर चुकी है और अतिक्रमण व कचरे के कारण पानी की निकासी नहीं हो रही है। जिससे इस बार बारिश में आसपास के मोहल्लों में जलभराव की समस्या विकराल होने की आशंका है।

Share This Article