शहर के रामपुर में चाकूबाजी

दो दोस्तों की लात-घूंसों से पिटाई कर चाकू से किया हमला

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। दो युवकों ने मिलकर दो दोस्तों की जमकर लात-घूंसों से पिटाई कर दी, फिर चाकू से हमला कर दिया। इससे एक युवक के गले के पीछे और गाल में चोटें आई है। वहीं, बीच-बचाव में आया दोस्त भी घायल हो गया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के मुताबिक, बापूनगर निवासी सावन बेहरा (26) ने पुलिस को बताया कि, मोहल्ले के विश्वजीत बेहरा के घर में सोमवार को शादी थी। शाम को वो अपने साथी आनंद बंधन और रोहन मुखी के साथ बाइक पर सवार होकर शराब लेने के लिए रामपुर शराब भ_ी गया था। शराब खरीदने के बाद पास की दुकान से कोल्डड्रिंक और पानी बोतल खरीद रहे थे। इसी दौरान जोगीडीपा के रहने वाले कुनाल और चंद्रकांत निषाद बाइक से आए। सावन और रोहन मुखी को बिना किसी वजह गाली-गलौज करने लगे। सावन ने जब उन्हें गाली देने से मना किया, तो दोनों ने मिलकर सावन और उसके साथी रोहन मुखी की लात-घूंसों से पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए चंद्रकांत ने अपने पास रखे चाकू से रोहन मुखी पर वार कर दिया। इससे उसके गले के पीछे और गाल से खून निकलने लगा। सावन और उसके साथी आनंद बंधन ने बीच-बचाव किया, तो कुनाल और चंद्रकांत ने चाकू से सावन के हाथ पर वार कर दिया। जिससे सावन के हाथ की कलाई में चोट आई।
चाकूबाजी की घटना से डरकर सावन, रोहन और उसके साथी आनंद अपनी जान बचाते हुए अपने मोहल्ले पहुंचे। मामले की जानकारी अन्य लोगों को देने के बाद कोतवाली थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share This Article