रोटरी क्लब ऑफ रायगढ़ स्टील सिटी द्वारा आयोजित सीट एंड ड्रॉ प्रतियोगिता में दिखा बच्चों का उत्साह

38 स्कूलों के 1325 प्रतिभागियों ने लिया भाग

Gupta Lochan
4 Min Read

रायगढ़। रोटरी क्लब ऑफ रायगढ़ स्टील सिटी के तत्वावधान में आयोजित सीट एंड ड्रॉ प्रतियोगिता ने शहर में उत्साह का माहौल बना दिया। कमला नेहरू गार्डन में आयोजित इस अद्वितीय कार्यक्रम में रायगढ़ की 38 स्कूलों के लगभग 1325 बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मकता और कला कौशल को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में गजब की ऊर्जा देखने को मिली। अपनी कल्पनाओं को रंगों में बदलते हुए बच्चों ने समाज, पर्यावरण, और संस्कृति से जुड़े कई सुंदर संदेश प्रस्तुत किए। वहीं प्रतियोगिता में बच्चों की मेहनत और लगन साफ झलक रही थी। आयोजकों ने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में बच्चों की भागीदारी से यह कार्यक्रम एक ऐतिहासिक आयोजन बन गया।
बच्चों को किया गया पुरस्कृत
कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को प्रशंसा पत्र दिए गए, और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथियों ने भी बच्चों की कला और उत्साह की सराहना की। सीट एंड ड्रॉ प्रतियोगिता रायगढ़ के कला क्षेत्र में एक नई पहचान बनाने में सफल रही और बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी प्रेरित किया।
तीन वर्गों में बच्चों ने दिखाया हुनर
इस कार्यक्रम के अन्तर्गत नन्हे सितारे (क्लास 1 से 5) इस वर्ग में बच्चों को अपने ‘मनपसंद कार्टून’ पर चित्र बनाने का विषय दिया गया। बच्चों ने अपने चहेते कार्टून पात्रों को रंगों से जीवंत कर दिया। जिसमें प्रथम स्थान सुजय पटेल (सेंट टेरेसा स्कूल) उभरते चित्रकार (क्लास 6 से 8) इस वर्ग का विषय था वर्ग का विषय है ‘मनपसंद त्योहार’ जिसमें बच्चों ने अपने संस्कृति और उत्सव से जुड़े संदेशों को अपनी कला में दर्शाया जिसमें प्रथम स्थान- पावनी सिंघल (संस्कार स्कूल ) इसी तरह युवा कलाकार (क्लास 9 से 12) इस वर्ग का विषय था ‘जल है तो कल है’ इस विषय का उद्देश्य बच्चों में जल संरक्षण के महत्व को समझना और उसके लिए प्रेरित करना था।छात्रों ने अपनी परिपक्व सोच और अद्वितीय कला कौशल का प्रदर्शन किया। जिसमें प्रथम स्थान महक देवांगन (विद्या विकास स्कूल ) को मिला। वहीं इस भव्य कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
आत्मविश्वास बढ़ाने का मंच
रोटरी क्लब के अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने कहा, यह प्रतियोगिता बच्चों की कला क्षमता को निखारने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का एक मंच है। ‘सीट एंड ड्रॉ प्रतियोगिता’ के माध्यम से हमने बच्चों की अद्भुत रचनात्मकता, उनकी कल्पनाशक्ति और उनकी अनमोल प्रतिभा को करीब से देखा। यहां भाग लेना ही सबसे बड़ी जीत है। यह एक ऐसा अवसर है, जहां हर बच्चा अपनी कल्पना के रंग बिखेरता है और अपनी सोच को नई दिशा देता है। वहीं प्रोग्राम अध्यक्ष रोटेरियन अभिषेक अग्रवाल ने कहा, इतने बड़े स्तर पर इसे सफल बनाना, हमारी टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। आज के इस सफल आयोजन के लिये  हम नगर पालिका निगम के आयुक्त  बृजेश सिंह का हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं। जिन्होंने हमें यह खूबसूरत स्थल, कमला नेहरू गार्डन, उपलब्ध कराया। इसी तरह वाइस प्रेसिडेंट रोटेरियन अतुल रतेरिया ने कहा हम हमारे प्रमुख सहयोगी, आलोक ड्रेसेस, मोटवानी फ़ीनसर्व और विद्या विकास कॉन्सेप्ट स्कूल का हृदय से धन्यवाद करते हैं। जिन्होंने इस आयोजन को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका योगदान बच्चों के उत्साह को बढ़ाने में अमूल्य रहा।  इस कार्यक्रम के सफल संचालन के पीछे जिनका समर्पण और नेतृत्व रहा है, वे हैं कार्यक्रम अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल जी और प्रीतपाल टुटेजा जी। उनकी मेहनत और प्रबंधन ने इस आयोजन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।

Share This Article