रायगढ़। पूंजीपथरा क्षेत्र स्थित वेजरॉन इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड प्लांट से कॉपर ट्यूब चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। साथ ही पुलिस ने आरोपियों से करीब 15 किलो कॉपर ट्यूब भी बरामद किया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार वेजरॉन प्राइवेट लिमिटेड प्लांट के जनरल मैनेजर दीप मुखर्जी ने विगत 24 नवंबर को पूंजीपथरा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि विगत दो अक्टूबर की रात प्लांट से करीब 20 किलोग्राम कॉपर ट्यूब (कीमत 45 हजार रुपये) चोरी हुई थी, जिसकी जानकारी 23 नवंबर की सुबह मिली। इससे थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव ने जांच शुरू की। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नित्यानंद राठिया (25 वर्ष) और ऑटो चालक विकास ऊर्फ पतालू सहिस (28 वर्ष) को पकड़ा। पूछताछ में नित्यानंद ने बताया कि वह पूर्व में प्लांट में क्रेन ऑपरेटर था। 2 अक्टूबर की रात उसने क्रेन से ट्यूब चुराकर छिपा दी थी। नित्यानंद ने बताया कि उसने 5 किलो कॉपर ट्यूब कबाडिय़ों को 5 हजार में बेची। वहीं, 5 किलो ऑटो चालक विकास की मदद से कबाड़ी लक्ष्मी प्रसाद महेश को 5 हजार में बेची। शेष ट्यूब बेचने वह विकास के ऑटो से रायगढ़ जा रहा था। पुलिस ने नित्यानंद की निशानदेही पर तालाब के पास झाडिय़ों से 5 किलो सहित कुल 15 किलो कॉपर ट्यूब जब्त की है। साथ ही पुलिस ने धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया था। इसके साथ ही लक्ष्मी प्रसाद महेश पर चोरी की संपत्ति जानते हुए खरीदने के आरोप में धारा 317(2) बीएनएस विस्तारित किया है।
इनकी हुई गिरफ्तारी
इस मामले में पुलिस ने नित्यानंद राठिया पिता उत्तम सिदार 25 वर्ष, निवासी छोटेपाली, इंदिरा आवास, थाना पूंजीपथरा, लक्ष्मी प्रसाद महेश पिता स्व. डहरू राम महेश 38 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11, पूछापारा, गायत्री नगर रायगढ़ तथा विकास उर्फ पतालू सहिस पिता राजकुमार सहिस 28 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11, जोगीडीपा रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में की गई। जिसमें थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज देवांगन, प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा, आरक्षक हेमसागर पटेल, विनय तिवारी, आदिकंद प्रधान, चन्द्र शेखर चन्द्राकर एवं हमराह पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


