स्कूली शिक्षकों को हर साल 50 घंटे की ट्रेनिंग जरूरी

नहीं तो प्रमोशन और इन्क्रीमेंट रुकेगा, एआई-डिजिटल टूल्स से लेकर साइबर-सुरक्षा तक की मिलेगी ट्रेनिंग

Lochan Gupta
3 Min Read

रायपुर। स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों को अब हर साल 50 घंटे की ट्रेनिंग लेना अनिवार्य होगा। केंद्र सरकार ने स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए यह व्यवस्था लागू की है। ट्रेनिंग पूरी नहीं करने वाले शिक्षकों को वेतनवृद्धि, प्रमोशन और राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार का लाभ नहीं मिलेगा। यह नियम सरकारी और निजी दोनों स्कूलों के शिक्षकों पर लागू होगा।
शिक्षा मंत्रालय ने केंद्रीय विद्यालय और नवोदय विद्यालयों में इस पर अमल शुरू कर दिया है। साथ ही राज्यों को भी इसे सख्ती से लागू कराने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, त्रिपुरा और बिहार जैसे राज्यों में शिक्षकों की ट्रेनिंग का अभियान तेज कर दिया गया है। शिक्षकों को दी जाने वाली ट्रेनिंग तीन चरणों में पूरी होगी। इसमें पढ़ाने के तरीके से लेकर बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और डिजिटल सुरक्षा तक की जानकारी दी जाएगी।
पहला चरण (24 घंटे)- इसमें बच्चों को खेल और कहानी के जरिए पढ़ाने, बुनियादी पढऩे-लिखने और गणित सिखाने के तरीके बताए जाएंगे। साथ ही एआई और डिजिटल टूल्स के इस्तेमाल की ट्रेनिंग मिलेगी।
दूसरा चरण (14 घंटे)- इसमें प्रोफेशनल डेवलपमेंट पर फोकस रहेगा। शिक्षकों को तनाव कम करने, क्लास का माहौल बेहतर बनाने, बच्चों की रुचि पहचानने और करियर काउंसलिंग की जानकारी दी जाएगी।
तीसरा चरण (12 घंटे)- इसमें नैतिक मूल्यों, मानसिक स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा और इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी। दिव्यांग बच्चों और अलग-अलग वर्गों के बच्चों के साथ समान व्यवहार और जेंडर सेंसिटिविटी पर भी ट्रेनिंग होगी।

दीक्षा पोर्टल से होगी ट्रेनिंग की निगरानी

शिक्षा मंत्रालय ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत यह व्यवस्था शुरू की है। इसका उद्देश्य शिक्षकों को नई पाठ्यपुस्तकों और पढ़ाने के आधुनिक तरीकों के लिए तैयार करना है। शिक्षकों को यह ट्रेनिंग राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) और राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के जरिए दी जाएगी। इसके लिए दीक्षा पोर्टल बनाया गया है। इसी के जरिए ट्रेनिंग की निगरानी होगी। हर सप्ताह राज्यों को यह जानकारी भी दी जाएगी कि उनके यहां कितने शिक्षकों ने 50 घंटे की ट्रेनिंग पूरी की है।

Share This Article