रायगढ़। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के राबर्टसन स्टेशन के यार्ड में रीमॉडलिंग का कार्य किया जाना है, इसके चलते रायगढ़-बिलासपुर मेमू 27 से 30 नवंबर तक रद्द रहेगी तो वहीं कुछ ट्रेने बीच रास्ते में समाप्त होगी।
उल्लेखनीय है कि रेल लाइनों की कनेक्टिविटी को बढ़ाना और केबिन को मुख्य लाइनों से जोडऩे के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग तथा नॉन इंटरलॉकिंग कार्य आवश्यक है। यार्ड रीमॉडलिंग का कार्य पूर्ण होने के बाद राबर्टसन स्टेशन पर अतिरिक्त लाइन कनेक्टिविटी क्षमता विकसित होगी, जिससे ट्रेनों की आवाजाही में सुगमता आएगी। यह सुधार यार्ड के भीतर ट्रेनों के परिचालन को अधिक कुशल और समयबद्ध बनाएगा। हालांकि, इस महत्त्वपूर्ण कार्य के फलस्वरूप कुछ ट्रेनों का परिचालन अल्पकालिक रूप से प्रभावित रहेगा। जिससे छोटे स्टेशन के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इस कार्य के चलते रद्द होने वाली ट्रेनों में 27 से 30 नवंबर तक रायगढ़ से चलने वाली गाड़ी संख्या 68737 रायगढ़-बिलासपुर मेमू तथा 28 से 29 नवंबर तक बिलासपुर से चलने वाली गाड़ी संख्या 68736 बिलासपुर-रायगढ़ मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।
इसके साथ ही बीच रास्ते में समाप्त होने वाली ट्रेनों में गाड़ी संख्या 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू 27 से 30 नवंबर तक बिलासपुर स्टेशन में समाप्त होगी तथा बिलासपुर-झारसुगुडा़ा के बीच रद्द रहेगी। साथ ही 27 से 30 नवंबर तक गाड़ी संख्या 68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर बिलासपुर स्टेशन से प्रारम्भ होगी तथा झारसुगुड़ा-बिलासपुर के बीच रद्द रहेगी। यह कार्य रेलवे नेटवर्क को मजबूत करने और यात्रियों को भविष्य में बेहतर व निर्बाध यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है।
4 दिन तक रायगढ़-बिलासपुर मेमू ट्रेन रहेगी रद्द
राबर्टसन स्टेशन यार्ड में होना है रीमाडलिंग कार्य


