नारायणपुर। जिले के पंडरापाठ स्थित प्रसिद्ध माता खुडिय़ा रानी धाम में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित वार्षिक मेला श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ। माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। पूरा मंदिर परिसर माता के जयकारों और भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। इस धार्मिक आयोजन में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर विधायक रायमुनी भगत ने माता खुडिय़ा रानी के दरबार में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों को कार्तिक पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए इस पारंपरिक आयोजन की सराहना की। विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि माता खुडिय़ा रानी धाम क्षेत्रवासियों की अटूट आस्था और धार्मिक विश्वास का प्रमुख केंद्र है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाला यह वार्षिक मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति एवं समस्त क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में एकजुटता बढ़ती है तथा हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष देवलाल भगत, उपाध्यक्ष धनंजय यादव, महामंत्री बालरूप यादव, कोषाध्यक्ष हुलास यादव, सह संयोजक बालेश्वर यादव, अशोक कुमार यादव, महेंद्र यादव, महेंद्र गुप्ता, शिवनारायण यादव, सावन राम, छिछली र के सरपंच, रौनी की सरपंच सहित मेला समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस वार्षिक मेले ने एक बार फिर माता खुडिय़ा रानी धाम के प्रति क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था को प्रदर्शित किया। धार्मिक अनुष्ठानों, माता के जयकारों और श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। पारंपरिक उल्लास और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुए इस मेले ने क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक विरासत और सामाजिक समरसता की जीवंत तस्वीर पेश की।
माता खुडिय़ा रानी धाम में कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
विधायक रायमुनी भगत ने माता के दरबार में टेका मत्था, क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना


