रायगढ़। पुलिस ने लाखा केलो डैम के पास कबाड़ से भरा एक ट्रक पकड़ा है। ट्रक में करीब 9 लाख रुपए का लोहे और टीन का सामान लोड था। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध कबाड़ से भरा एक ट्रक लाखा की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने लाखा केलो डैम के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को रोककर ड्राइवर से पूछताछ की। राजस्थान के जिला झालावाड़ के ड्राइवर ने अपना नाम अब्दुल वहाब (50) बताया। ट्रक में लोड सामान के बारे में पूछने पर ड्राइवर गोलमोल जवाब देने लगा। इस पर पुलिस को शक हुआ।
पुलिस ने तिरपाल हटाकर ट्रक की तलाशी ली तो उसमें लोहे के टुकड़े और टीन का सामान भरा मिला। पुलिस ने ड्राइवर से ट्रक में लोड कबाड़ के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई भी कागज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने कबाड़ का वजन कराया। ट्रक में कुल 28 टन लोहे का कबाड़ मिला, जिसकी कीमत करीब 9 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने ट्रक और कबाड़ जब्त कर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अवैध कारोबार करने वालों पर होगी कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस अवैध कबाड़ के कारोबार और चोरी के सामान की ढुलाई करने वालों पर नजर रख रही है। ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि ट्रक में अवैध कबाड़ ले जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने नाकेबंदी कर उसे पकड़ा है।


