नारायणपुर। विकासखंड बगीचा के ग्राम पंचायत जुरूडाँड़ के महकूल पारा में आज भी ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। गांव में विकास के दावों के बीच महकूल पारा की एक प्रमुख सडक़ आज भी निर्माण की बाट जोह रही है। यहां के ग्रामीण पिछले 20 से 25 वर्षों से सीसी सडक़ निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन इतने लंबे समय बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। पंचायत स्तर पर कई बार मांग उठाने के बावजूद सडक़ निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, जनपद मुख्यालय बगीचा से लगभग 12 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत जुरूडाँड़ के मुख्य बस्ती महकूल पारा में भक्तिराम यादव के घर से मुख्यमंत्री सडक़ मार्ग तक जाने वाला रास्ता पूरी तरह कच्चा और उबड़-खाबड़ है। सामान्य दिनों में भी इस मार्ग से आवागमन करना ग्रामीणों के लिए आसान नहीं है, लेकिन बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। बारिश होते ही पूरा रास्ता कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाता है। ऐसे में ग्रामीणों को मुख्यमंत्री सडक़ तक पहुंचने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
पंचायत बैठक में कई बार उठाई मांग, फिर भी नहीं हुई सुनवाई
महकूल पारा के ग्रामीणों का कहना है कि सीसी सडक़ निर्माण के लिए वे पिछले दो से ढाई दशक से लगातार मांग कर रहे हैं। इस संबंध में ग्राम पंचायत में कई बार मौखिक रूप से और पंचायत की बैठकों में भी अपनी समस्या रख चुके हैं। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि उनकी वर्षों पुरानी समस्या को गंभीरता से लेते हुए सडक़ निर्माण कराया जाएगा, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा सडक़ बनवाने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन चुनाव समाप्त होने और जीत हासिल करने के बाद इस समस्या को भुला दिया जाता है।
बरसात के चार महीने बन जाती है सबसे बड़ी मुसीबत
ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग का उपयोग केवल घरों तक आने-जाने के लिए ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा के कई जरूरी कार्यों के लिए किया जाता है। इसी रास्ते से ग्रामीण अपनी निस्तारी के लिए आते-जाते हैं। गाय-बैलों को चराने के लिए भी अधिकांश लोग इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। इसके अलावा स्थानीय ग्रामीणों को स्टेट हाईवे तक पहुंचने और वहां से बस पकडक़र अन्य स्थानों पर जाने के लिए भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। सडक़ की बदहाल स्थिति के कारण बारिश के लगभग चार महीने ग्रामीणों के लिए किसी बड़ी परेशानी से कम नहीं होते। ऐसे में बच्चों को स्कूल आने-जाने के लिए इसी खराब रास्ते से गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह रास्ता विशेष रूप से परेशानी का कारण बना हुआ है। जरूरी काम से घर से निकलने वाले लोगों को भी मौसम और रास्ते की स्थिति देखकर आवागमन करना पड़ता है।
गांव में अन्य जगह सडक़, फिर महकूल पारा की अनदेखी क्यों?
ग्रामीणों का सवाल है कि ग्राम पंचायत में कई स्थानों पर सीसी सडक़ का निर्माण कराया गया है, लेकिन महकूल पारा के लोगों की वर्षों पुरानी मांग अब तक पूरी क्यों नहीं हो पाई है? आखिर ऐसी कौन सी वजह है कि इस बस्ती को आज भी पक्की सडक़ जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सडक़ निर्माण कोई नई मांग नहीं है, बल्कि लंबे समय से चली आ रही उनकी मूलभूत आवश्यकता है।
ग्रामीणों ने पंचायत से जल्द सडक़ निर्माण कराने की मांग की
महकूल पारा के ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से इस समस्या को गंभीरता से लेने की मांग की है। उनका कहना है कि भक्तिराम यादव के घर से प्रधानमंत्री सडक़ तक सीसी सडक़ का निर्माण होने से बस्ती के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे न केवल बरसात के दिनों में आवागमन आसान होगा, बल्कि स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों को भी रोजाना होने वाली परेशानियों से मुक्ति मिलेगी। अब देखना यह होगा कि 20 से 25 वर्षों से सडक़ निर्माण की बाट जोह रहे महकूल पारा के ग्रामीणों की आवाज पंचायत और प्रशासन तक कब पहुंचती है और उनकी इस बुनियादी जरूरत को पूरा करने के लिए कब ठोस पहल की जाती है। फिलहाल ग्रामीणों को आज भी पक्की सडक़ का इंतजार है।
महकूल पारा से मुख्यमंत्री सडक़ तक सी सी सडक़ बनना बहुत जरूरी है,पंचयात स्तर से तीन से चार बार स्टीमेट बनाकर जमा करा दिया गया है,स्वीकृति नही मिलने और राशि नही आने की वजह से नही बनाया गया है,जैसे ही राशि आएगी सीसी सडक़ बना दिया जाएगा।
गोपाल राम गुप्ता -सचिव, ग्राम पंचायत जुरूडाँड़


