कृषक युवक पर हाथी ने किया हमला, गंभीर हालत में रायगढ़ रेफर, हालत नाजूक

कृषक युवक पर हाथी ने किया हमला, गंभीर हालत में रायगढ़ रेफर, हालत नाजूक

Lochan Gupta
4 Min Read

रायगढ़। बीती रात एक युवक अपनी फसल देखने के लिए खेत गया था, इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी से उसका सामना हो गया, इससे युवक वहां से भागने का प्रयास किया लेकिन हाथी ने उस पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंच कर उसे अस्पताल पहुंचाया लेकिन स्थिति गंभीर होने से डाक्टरों ने रायगढ़ रेफर कर दिया है। उक्त मामला धरमजयगढ़ वन मंडल के लैलूंगा रेंज की है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ वन मंडल के अलग-अलग रेंज में इन दिनों हाथियों का कई दल भ्रमण कर रहा है। इससे कभी सडक़ पार करते देखा जा रहा है तो कभी ग्रामीणों के फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं, साथ ही विगत कुछ दिनों लैलूंगा रेंज के लिबरा परिसर अंतर्गत ग्राम नारायणपुर में पिछले कुछ दिनों से एक अकेला हाथी विचरण कर रहा है। जो कभी फसल को नुकसान पहुंचा रहा है तो कभी बस्ती तक पहुंच जा रहा है, इससे ग्रामीणों में हर समय भय का माहौल बना हुआ है। इस बीच बीती रात करीब 11 बजे नारायणपुर निवासी जलधर लकड़ा (35 वर्ष) अपनी फसल को देखने के लिए खेत की ओर गया था, इसी दौरान अचानक उसका सामना एक दंतैल हाथी से हो गया, इससे पहले की ग्रामीण कुछ समझ पाता हाथी ने उस पर हमला कर दिया, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इससे हाथी आगे की तरफ बढ़ गया, वहीं उसके शोर मचाने पर ग्रामीणों के साथ परिजन मौके पर पहुंचे और जलधर को उपचार के लिए तत्काल लैलूंगा सिविल अस्पताल लेकर गए, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायगढ़ रेफर कर दिया, जहां उपचार के बाद उसकी तबीयत में सुधार होना बताया जा रहा है। वहीं इसकी जानकारी मिलते पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर घायल के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि प्रदान करते हुए आगे की जांच में जुट गई है।

कई दल में भ्रमण कर रहे हाथी

उल्लेखनीय है कि धरमजयगढ़ वन मंडल के अलग-अलग रेंज में हाथियों का दल भ्रमण कर रहा है, जिसमें बेबी एलिफेंट भी शामिल है। इसके साथ ही कुछ दंतैल दल से अलग होकर कभी फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं, इससे वन विभाग की टीम भी लगातार इनकी निगराती करते हुए ग्रामीणों को शाम होने के बाद खेत की तरफ जाने से मना कर रहे हैं, लेकिन फसल के मोह में ग्रामीण पहुंच जा रहे हैं।

धान फसल व मकानों को भी नुकसान

धरमजयगढ़ वन मंडल में 126 हाथियों का दल घूम रहा है। वहीं, लैलूंगा के नारायणपुर इलाके में घूम रहे अकेले हाथी ने दो किसानों की धान की फसल बर्बाद कर दी। इसके अलावा धरमजयगढ़ रेंज के क्रोंधा और नागदरहा में एक-एक किसान की फसल को नुकसान पहुंचाया है। लैलूंगा के ढोरोआमा और तिलाईदरहा में भी 6 किसानों की धान की फसल और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा है। हाथियों के दल में 38 नर, 60 मादा और 28 बेबी ऐलीफैंट शामिल हैं।

Share This Article