रायपुर। प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। उन्होंने प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने, धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने और फसल बीमा का लाभ दिलाने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में सिंहदेव ने कहा कि 18 नवंबर और उसके बाद दो-तीन दिनों तक हुई बेमौसम बारिश और खराब मौसम से प्रदेश के कई क्षेत्रों में धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है।
खेतों में खड़ी फसल के साथ कटाई के बाद खलिहानों में मिंजाई के लिए रखे धान के भीगने से खराब होने की स्थिति बनी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकांश किसानों के परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार धान की फसल है। ऐसे में अचानक आई प्राकृतिक आपदा से किसानों को गंभीर आर्थिक नुकसान हुआ है। किसान शासन से जल्द सहायता मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।
नुकसान का आकलन शून्य दिखाने का आरोप
सिंहदेव ने पत्र में बताया कि तूफान आने तक धान की फसल का केवल 30 प्रतिशत हिस्सा ही कटाई और मिंजाई के लिए तैयार हो पाया था, जबकि करीब 70 प्रतिशत फसल खेतों में खड़ी थी। किसानों से मिली जानकारी के अनुसार, विभागीय सर्वे में नुकसान का आकलन शून्य दिखाया जा रहा है, जो वास्तविक स्थिति नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि बीमा कंपनियों के दबाव में नुकसान का आकलन कम या शून्य दिखाया जा रहा है। सिंहदेव ने मुख्यमंत्री से निष्पक्ष सर्वे कराने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। सिंहदेव ने मुख्यमंत्री के सामने प्रभावित किसानों की समस्याओं को रखते हुए नुकसान का वास्तविक आकलन कराने, मुआवजा और फसल बीमा का लाभ दिलाने के साथ धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने की मांग की है।


