रायगढ़। जिले की वरिष्ठ साहित्यकार, छंद शास्त्री एवं सजल साधिका अरुणा साहू को राष्ट्रीय स्तर पर दो प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया है। उत्तर प्रदेश के मथुरा में आयोजित अष्टम वार्षिक सजल महोत्सव में उन्हें पाँचवें सजल संग्रह के प्रकाशन और निरंतर साहित्यिक साधना के लिए ‘सजल-शिखर सम्मान-2026’ प्रदान किया गया। इससे पहले 31 अक्टूबर को जबलपुर में साहित्यिक संस्था ‘कादम्बरी’ के समारोह में भी उन्हें राष्ट्रीय सम्मान से अलंकृत किया गया था।
15 नवंबर 2026 को आर.सी.ए. महिला महाविद्यालय, मथुरा में हिंदी सजल सर्जना समिति की ओर से अष्टम वार्षिक सजल महोत्सव आयोजित किया गया। समारोह में सजल प्रवर्तक एवं समिति अध्यक्ष डॉ. अनिल गहलौत, संरक्षक डॉ. चन्द्रभाल ‘सुकुमार’ और सचिव संतोष कुमार सिंह के हस्ताक्षरयुक्त सम्मान पत्र, स्मृति चिह्न, श्रीफल, शॉल और सम्मान राशि देकर अरुणा साहू को सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान पाँच सजल संग्रहों के सृजन, सजल विधा के उन्नयन तथा राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्थान में साहित्यिक योगदान के लिए दिया गया।
इससे पहले 31 अक्टूबर 2026 को जबलपुर के शहीद स्मारक सभागार में आयोजित ‘कादम्बरी’ के अखिल भारतीय साहित्यकार एवं पत्रकार अलंकरण-सम्मान समारोह में उन्हें ‘स्वर्गीय श्रीमती आशा चौहान सम्मान’ प्रदान किया गया। समारोह की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष आचार्य भगवत दुबे ने की और संयोजन महासचिव राजेश पाठक ‘प्रवीण’ ने किया। यह सम्मान डॉ. अनिल गहलौत ने अपनी बहन की स्मृति में प्रदान किया। अरुणा साहू पारंपरिक छंद, घनाक्षरी, दोहा शिल्प और समकालीन सजल विधा में लेखन करती हैं। वर्ष 2025 में प्रकाशित उनके सजल संग्रह ‘चुप्पी साधे सच’ और ‘सुवासित भोर’ को साहित्यिक जगत में सराहना मिली है। मथुरा समारोह में रायगढ़ के डॉ. डी.पी. साहू द्वारा अपने पिता स्वर्गीय सुंदर लाल साहू की स्मृति में दिया जाने वाला ‘सजल-सेवा रत्न सम्मान’ मुरादाबाद के वरिष्ठ कवि ओंकार सिंह ‘ओंकार’ को प्रदान किया गया। वहीं, जबलपुर समारोह में डॉ. डी.पी. साहू ने अपनी माता की स्मृति में उत्तर प्रदेश की रचनाकार नीलम कुमार ‘नील’ को ‘स्वर्गीय राम प्यारी साहू सम्मान’ से सम्मानित किया।
अरुणा साहू ने अपनी उपलब्धियों का श्रेय माता-पिता, जीवनसाथी डॉ. डी.पी. साहू और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ आकाशवाणी, समाचार पत्रों और पत्रिकाओं के लिए भी निरंतर लेखन किया है। उनके दोहरे सम्मान पर रायगढ़ के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक जगत से जुड़े लोगों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों ने बधाई दी है।
साहित्यकार अरुणा साहू को दो राष्ट्रीय सम्मान, मथुरा में मिला ‘सजल-शिखर’ अलंकरण


