जशपुर। चरित्र शंका पर पति ने टांगी के पासा से प्राणघातक हमला कर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद हत्या की वास्तविकता छिपाने के लिए आरोपी ने खाट से गिरने की झूठी कहानी बताकर समाज के लोगों को कफन-दफन करा दिया, लेकिन मृतिका की छोटी बहन की रिपोर्ट पर पुलिस ने शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया तो उसकी पीएम रिपोर्ट में हत्या की बात सामने आई, इससे पुलिस ने आरेापी को गिरफ्तार लिया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार 20 नवंबर 2026 को प्रार्थिया सीता बाई 45 वर्ष, निवासी कुडमुरा नंदीटोली, थाना नारायणपुर, जो मृतिका पार्वती बाई की छोटी बहन ने थाना कुनकुरी में उपस्थित होकर अपनी बड़ी बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। साथ ही उसने बताई कि उसकी बड़ी बहन पार्वती बाई 52 वर्ष, का विवाह ग्राम खजूरबहार निवासी मुखलाल राम के साथ हुआ था। 06 नवंबर को शाम लगभग 05.00 बजे मृतिका की बहू ने फोन कर पार्वती बाई की मृत्यु होने की सूचना दी थी। सूचना मिलने पर प्रार्थिया अगले दिन ग्राम खजूरबहार पहुंची, जहां उसकी बहन घर के कमरे में मृत अवस्था में पड़ी हुई थी। मृतिका के सिर एवं माथे पर गंभीर चोट के निशान थे तथा खून निकला हुआ था। मृतिका के पति मुखलाल राम ने बताया था कि पार्वती बाई खाट से गिर गई थी, जिससे उसके सिर में चोट लगने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। पति की बात पर विश्वास करते हुए परिजनों एवं समाज के लोगों ने 07 नवंबर को मृतिका के शव को दफन कर दिया था। कुछ समय बाद प्रार्थिया को अपनी बहन की मृत्यु की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। उसे आशंका थी कि उसके पति द्वारा ही मारपीट कर उसकी हत्या की गई है। इससे कुनकुरी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराकर जांच की मांग की।
रिपोर्ट में हुआ हत्या का खुलासा
घटना की रिपोर्ट पर कुनकुरी पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग जांच प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा गवाहों के कथन दर्ज किए गए तथा विधिवत वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए दफन किए गए मृतिका के शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में चिकित्सक द्वारा मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक होना लेख किया गया। इस प्रकार पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ कि पार्वती बाई की मृत्यु खाट से गिरने के कारण नहीं, बल्कि उसकी हत्या किए जाने से हुई थी। इसके बाद पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतिका के पति मुखलाल राम के विरुद्ध धारा 103(1), 238(क) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया तथा संदेही पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इससे आरेापी ने बताया कि वह अपनी पत्नी पार्वती बाई के चरित्र को लेकर शंका करता था। 06 नवंबर को दोपहर लगभग 12.30 से 01.00 बजे के मध्य उसने अपनी पत्नी को किसी व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसी बात को लेकर वह आक्रोशित हो गया और घर में रखे टांगी के पासा भाग से अपनी पत्नी के सिर, माथे एवं सीने पर दो-तीन बार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण पार्वती बाई की मृत्यु हो गई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त बांस का बेंट लगा लोहे का टांगी उसके घर से बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने एवं पूछताछ में अपराध स्वीकार किए जाने पर पुलिस द्वारा उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


