रायगढ़. जिले में लगातार हो रहे सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत रविवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर जांच की गई, जिसमें नियमों का दरकिनार कर वाहन चलाने वाले 631 चालक पाए गए, इससे इनके ऊपर 4 लाख रुपए का चालाना काटा गया है, साथ ही यह भी हिदायत दी गई है कि अगर दोबारा पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
उल्लेखनीय है कि शराबी चालकों व बेतरतीव वाहन चलाने के कारण जिले में आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिसको ध्यान में रखते हुए गत दिनों क्राइम मीटिंग में एसएसपी द्वारा बढ़ते आंकलों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए इस पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे। साथ ही भी कहा था कि अगर कोई भी चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाए। इसी के तहत रविवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान तेज गति से वाहन चलाने, ट्रिपल सवारी, बिना हेलमेट वाहन चलाने, मालवाहक वाहनों में यात्री परिवहन, बीमा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं रखने सहित मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 631 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जिससे करीब 4 लाख रुपये का चालान किया गया। इस जांच अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए 6 वाहन चालकों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने और शराब पीकर कभी भी वाहन न चलाने की समझाईश दी है।
इन थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
इस जांच अभियान में सर्वाधिक कार्रवाई यातायात थाना रायगढ़ द्वारा 165 वाहन चालकों पर की गई। इसके अलावा तमनार थाना में 101, धरमजयगढ़ में 74, छाल में 33, लैलूंगा में 31, भूपदेवपुर में 27, सिटी कोतवाली में 26, कापू में 23, कोतरारोड़ में 22, जूटमिल में 25, खरसिया में 23, घरघोड़ा में 20, पुसौर में 19, चक्रधरनगर में 14 और पूंजीपथरा पुलिस ने 8 वाहन चालकों पर कार्रवाई की है।


