रायगढ़। नगर निगम में 23 नवंबर को महापौर जीवर्धन चौहान की अध्यक्षता में मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की बैठक आयोजित की गई। इसमें शहर के विकास, निर्माण कार्यों, स्वच्छता, यातायात और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में निर्माण कार्यों की निविदाओं, अतिरिक्त व्यय और निगम की परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग पर भी चर्चा हुई।
बैठक में वार्ड क्रमांक 17 में जयहिंद गली से मनबोध बरेठ के घर होते हुए मुरली अग्रवाल के घर से जोहल पैलेस तक आरसीसी नाली निर्माण के लिए 76.32 लाख रुपये की अनुमानित लागत वाली निविदा पर विचार किया गया। वहीं, वार्ड 36 के मि_ूमुड़ा तालाब क्षेत्र में अतिरिक्त निर्माण के लिए 1 करोड़ 15 लाख 91 हजार 501 रुपये और वार्ड 33 के फटहमुड़ा तालाब क्षेत्र में 1 करोड़ 17 लाख 26 हजार 83 रुपये के प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम के विकास के लिए 4 लाख 72 हजार 877 रुपये की अतिरिक्त राशि भी मंजूर की गई। स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग हेतु 28 ई-गार्बेज रिक्शा खरीदने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली। जेम पोर्टल के माध्यम से आमंत्रित निविदा के आधार पर इसके लिए करीब 57 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। इसके अलावा वार्ड 42 अमलीभौना में निर्माणाधीन अंतरराज्यीय बस टर्मिनल की अतिरिक्त भूमि पर जमा अनुपचारित ठोस अपशिष्ट के निस्तारण और खाली भूमि के उपयोग के लिए करीब 3.70 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर सहमति बनी।
टाउन हॉल परिसर की जर्जर और अनुपयोगी पुरानी पानी टंकी को ध्वस्त करने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी गई। निगम के अनुसार, नई टंकी का निर्माण हो चुका है और उससे शहर में नियमित जलापूर्ति की जा रही है। बैठक में विकास कार्यों के तकनीकी प्राक्कलन, तकनीकी स्वीकृति और कार्यों के सुचारु क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। बैठक में एमआईसी सदस्य सुरेश गोएल, मुक्तिनाथ भगवान, पंकज कंकरवाल, आनंद भगत, कार्यपालन अभियंता अमरेश लोहिया सहित निगम के विभाग प्रमुख और कर्मचारी उपस्थित थे।
निगम की एमआईसी बैठक में करोड़ों के विकास कार्यों को मिली मंजूरी


