जनदर्शन में एडीएम ने सुनी आमजनों की समस्याएं, समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

Lochan Gupta
2 Min Read

रायगढ़। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलेक्ट्रेट में प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जनदर्शन में आज नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनी गईं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों से मुलाकात कर उनके आवेदन प्राप्त किए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से विचार करते हुए नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्राम बाजीनपाली की श्रीमती सावित्री पटेल ने मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना का लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम जोबी के जगदीश प्रसाद राठिया ने बताया कि किसान पोर्टल पर उनका कुल कृषि रकबा एवं धान का रकबा शून्य प्रदर्शित हो रहा है। वहीं एग्रीस्टेक पोर्टल में व्यक्तिगत जानकारी से जुड़ी समस्या के कारण धान पंजीयन कराने में परेशानी आ रही है। उन्होंने पोर्टल में आवश्यक सुधार कराने की मांग की। इसी तरह ग्राम दर्रीडीह के रतन कुमार गुप्ता ने धान खरीदी पोर्टल में खसरा नंबर एवं रकबा अन्य व्यक्ति के नाम पर दर्ज होने की समस्या बताते हुए सुधार के लिए आवेदन दिया। मधुबनपारा रायगढ़ के असगर खान ने असंगठित कर्मकार मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत नामिनी की बैंक पासबुक में आईएफएससी कोड में सुधार कराने की मांग की। वहीं साल्हेपाली के टीकाराम पटेल ने ऋण पुस्तिका में नाम सुधार के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। जनदर्शन में अन्य आवेदकों ने भी अपनी विभिन्न मांगों, समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन एडीएम के समक्ष रखे। एडीएम ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने तथा आवेदकों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article