रायगढ़। शादी का झांसा देकर शादीशुदा महिला से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने महिला को शादी का भरोसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में शादी करने से इनकार कर दिया और धमकी भी दी। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, 33 वर्षीय महिला ने 3 नवंबर को महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला की शादी साल 2012 में सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। साल 2024 में उसकी पहचान ग्राम भाठनपाली के प्रवीण कुमार प्रधान (33) से हुई। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। महिला चक्रधरनगर क्षेत्र में किराये के मकान में रहती थी। वहां प्रवीण का आना-जाना था। महिला का आरोप है कि 4 दिसंबर 2024 को प्रवीण ने शादी करने का भरोसा देकर अपने किराये के मकान में बुलाया और शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह शादी का भरोसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। महिला ने आरोप लगाया कि 18 जनवरी को आरोपी उसके घर पहुंचा और विवाद करने के बाद जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद उसने शादी करने से इनकार कर दिया और धमकी भी दी।
गिरफ्तारी के बाद जेल भेजा गया
महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। केस दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद से आरोपी फरार था। इसी बीच पुलिस को उसके गांव भाठनपाली में होने की सूचना मिली। टीम ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के बाद आरोपी प्रवीण कुमार प्रधान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


