कृषि महाविद्यालय द्वारा 64 किसानों को वितरित किया गया धनिया का आधार बीज

अनुसूचित जाति उप योजना के तहत किसानों को मिला बीज, मसाला फसलों की खेती के लिए किया गया प्रोत्साहित

Lochan Gupta
2 Min Read

रायगढ़। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, बोईरदादर रायगढ़ द्वारा किसानों को मसाला फसलों की खेती से जोडऩे और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से धनिया के आधार बीज का वितरण किया गया। अखिल भारतीय समन्वित मसाला अनुसंधान परियोजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति उप योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में कुल 64 किसानों को धनिया बीज प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन ग्राम मल्दा-अ में किया गया, जहां 55 किसानों को प्रति किसान 5 किलोग्राम की दर से धनिया का आधार बीज वितरित किया गया। इसके अतिरिक्त कृषि महाविद्यालय की उद्यान रोपणी में पहुंचे ग्राम चुरैला के 9 किसानों को भी धनिया बीज प्रदान किया गया। इस अवसर पर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, बोईरदादर के अधिष्ठाता एवं परियोजना के प्रमुख अन्वेषक डॉ. ए.के. सिंह तथा वैज्ञानिक श्रीमती रोशनी भगत ने किसानों को धनिया की उन्नत खेती, फसल उत्पादन की तकनीक और बेहतर पैदावार के लिए आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी विक्रम पटेल ने किसानों को मसाला फसलों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करते हुए इसके माध्यम से अतिरिक्त आय अर्जित करने की संभावनाओं से अवगत कराया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अतिथि वैज्ञानिक डॉ. सत्यनारायण सिंह, प्रयोगशाला तकनीशियन श्री प्रयागराज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित रहे। इस पहल से किसानों को उन्नत बीज उपलब्ध कराने के साथ ही मसाला फसलों की खेती के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कृषि उत्पादन को प्रोत्साहन देने में मदद मिलेगी।

Share This Article