रायगढ़. पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवात अकवान के प्रबल होने के बाद इसका असर गुरुवार से दिखने लगा है, इस दौरान विगत 24 घंटे से लगातार हो रही हल्की बरसात से जीवन-अस्त व्यस्त हो गया है। साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से ठिठुरन बढऩे के साथ वायरल का खतरा बढ़ गया है। जिसका असर लोगों के सेहत पर दिखने लगा है।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर प्रबल चक्रवात अकवान उत्तर दिशा में 13 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से लगातार आगे बढ़ रहा है, जो शुक्रवार को सुबह 11.30 बजे ओडिशा तट से टकराने के बाद हवा की गति बढ़ गई थी, लेकिन रायगढ़ जिला तक पहुंचने तक हवा की गति 16 किमी प्रति घंटा रहा। इस मौसमी घटना के कारण जिले में गुरुवार शाम से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई थी, लेकिन शुक्रवार को बारिश की गतिविधियों तेज हो गई और लगातार बारिश का दौर चलता रहा है। साथ ही बारिश के साथ हवा चलने के कारण न्यूनतम तापमान 21 डिग्री तक दर्ज की गई। साथ ही 24 घंटे से लगातार हो रही बरसात का असर अब लोगों के सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। साथ ही स्थानीय प्रशासन ने चक्रवात के संभावित प्रभाव से निपटने के लिए तैयारियां भी की हैं, इससे निचले इलाकों में रहने वाले लोागें को सतर्क किया गया है, साथ ही राहत दल को भी तैयार रहने कहा गया है, ताकि बारिश तेज होने पर लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके।
यलो अलर्ट जारी
चक्रवात अकवान के तीव्रता को देखते हुए मौसम विभाग ने रायगढ़ सहित आसपास के जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें प्रमुख रूप से महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा सहित अन्य जिलों में अगले 24 घंटे तक बारिश होने की संभावना है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ
इस संबंध में जिला अस्पताल के एमडी मेडिसीन डॉ. प्रकाश चेतवानी ने बताया कि मौसम बदलाव के साथ बेमौसम बारिश से वायरल का खतरा बढ़ गया है। इसको ध्यान में रखते हुए बारिश से बचना बेहद आवश्यक है। इसके साथ ही मच्छरों की संख्या में भी वृद्धि हो रही है, इससे मच्छरजनित रोग होने की प्रबल संभावना है। हालांकि इन दिनों वायरल के चलते सर्दी-खांसी व बुखार के मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। इससे खासकर बच्चे व बुजुर्गों को ज्यादा बचने की जरूरत है। साथ ही बाहरी खाद्य पदार्थ के उपयोग से बचे और शुद्ध पानी का ज्यादा से ज्यादा सेवन करें। इसके साथ ही अगर किसी को वायर फीवर हो तो उससे दूरी बनाकर रखें, क्योंकि एक-दूसरे के संपर्क में आने से खतरा बढ़ सकता है।
000000000000000


