रायगढ़। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज किरोड़ीमल पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में स्वास्थ्य विभाग द्वारा तंबाकू नियंत्रण एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों ने सहभागिता की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैकरा, तंबाकू एवं गैर संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. जाविद मारिकर तथा आईडीएसपी नोडल अधिकारी डॉ. सुमित कुमार सहित संबंधित अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से शरीर पर पडऩे वाले हानिकारक प्रभावों को विस्तार से समझाया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। साथ ही नशे की आदत से छुटकारा पाने के लिए उपलब्ध नशा मुक्ति केंद्रों की सेवाओं और वहां मिलने वाली सहायता के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का आयोजन समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग के समन्वय से किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्रीमती सीमा बरेठ, कार्यक्रम सहायक का विशेष योगदान रहा। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
किरोड़ीमल पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में नशा मुक्ति एवं तंबाकू नियंत्रण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
विद्यार्थियों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की दी गई जानकारी, नशे की लत से छुटकारा पाने के लिए नशा मुक्ति केंद्रों की सेवाओं के बारे में किया जागरूक


