जशपुरनगर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने महिला की मांग में सिंदूर भरकर उसका भरोसा जीता और फिर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। बाद में पत्नी बनाकर रखने से इनकार करने पर पीडि़ता ने थाने में मामला दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार 24 अक्टूबर को थाना पत्थलगांव में 30 वर्षीय प्रार्थिया ने उपस्थित होकर लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2023 में अपनी एक सहेली के माध्यम से उसकी पहचान आरोपी दुर्योधन यादव से हुई थी। प्रार्थिया ने आरोपी को अपनी शादीशुदा जिंदगी एवं बच्चों के संबंध में पहले ही बता दिया था। आरोपी दुर्योधन यादव ने प्रार्थिया को विश्वास दिलाया कि वह उसे पसंद करता है तथा उसी से शादी करेगा और उसके बच्चों का भी पालन-पोषण करेगा। आरोपी की बातों पर विश्वास करते हुए प्रार्थिया उसे दिनांक 31.03.2023 को अपने किराये के मकान में ले गई। वहां आरोपी ने प्रार्थिया से रिश्ता बनाने की इच्छा जताते हुए उसकी मांग में सिंदूर भरा तथा उसी रात्रि लगभग 11:00 बजे उसके साथ पहली बार शारीरिक संबंध बनाया। प्रार्थिया के अनुसार, इसके बाद आरोपी द्वारा दिनांक 31.03.2023 से 01.10.2026 तक बीच-बीच में शादी करने का भरोसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाया गया। बाद में आरोपी ने प्रार्थिया को पत्नी बनाकर रखने से इंकार कर दिया। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में आरोपी दुर्योधन यादव उम्र 22 वर्ष, के विरुद्ध अपराध क्रमांक 253/2026, धारा 376(2-एन) भादवि एवं धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपी दुर्योधन घटना दिनांक से फरार था, पुलिस के द्वारा लगातार उसकी पता साजी की जा रही थी, इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी अपने गृह क्षेत्र में देखा गया है, जिस पर थाना पत्थलगांव पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए, आरोपी के गृह ग्राम में घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया। पुलिस की पूछताछ पर आरोपी दुर्योधन यादव के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 17.11.26 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। मामले में पुलिस की अग्रिम विवेचना जारी है। मामले में डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि थाना पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत एक महिला के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है, जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है, ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा।


