रायगढ़/बिलासपुर। बुधवार सुबह आयकर विभाग ने कई जगहों पर एक साथ दबिश दी। रायपुर में पीआरए ग्रुप के ठिकानों पर छापेमारी की गई। खम्हारडीह स्थित बनियान ट्री सोसाइटी में दो कारोबारी के घर में टीम जांच कर रही है।
पीआरए ग्रुप के संचालक के सूरजपुर स्थित मूल निवास और अंबिकापुर के मनेंद्रगढ़ रोड स्थित आवास पर भी आईटी ने छापा मारा। पुलिस बल की मौजूदगी में सुबह से जांच जारी है। बर्बरीक ग्रुप, पीआरए ग्रुप की ही फर्म है। बिलासपुर में लोहा कारोबारी जेपी के ठिकानों पर छापेमारी की गई। तीन गाडिय़ों में पहुंची टीम ने विद्या नगर स्थित उनके निवास प्रकाश पुंज और व्यापार विहार स्थित मित्तल स्टील इस्पात, स्टीलमार्ट के ऑफिस और हनुमान हार्डवेयर स्टोर पर दबिश दी। दस्तावेजों की जांच के साथ कारोबारी से पूछताछ की जा रही है। जेपी मित्तल संभाग के बड़े लोहा कारोबारी हैं। वहीं, रायगढ़ में रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप से जुड़ी फर्मों पर छापेमारी की गई। सुबह करीब 5 बजे 12 से 15 अधिकारियों की टीमें पहुंचीं। यहां बर्बरीक हाउस समेत चार ठिकानों पर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की जांच जारी है। दोनों ग्रुप साथ कारोबार करते हैं। जांजगीर-चांपा में भी आयकर विभाग ने दबिश दी है। फिलहाल विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप में दबिश
जानकारी के अनुसार, रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप आपस में जुड़े हैं और एक साथ कारोबार करते हैं। इसी कड़ी में आयकर विभाग ने इनसे जुड़ी फर्मों के ठिकानों पर एक साथ जांच शुरू की है। रायगढ़ के कोतरारोड क्षेत्र स्थित बर्बरीक हाउस, कालिंदी कुंज समेत अन्य ठिकानों पर भी टीम ने छापेमारी की है। आयकर विभाग की टीमें फर्मों के दस्तावेजों, कारोबारी गतिविधियों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। विभाग की ओर से अभी यह जानकारी नहीं दी गई है कि जांच के दौरान कौन-कौन से दस्तावेज और जानकारियां मिली हैं। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़े तथ्यों और संभावित गड़बडिय़ों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बिलासपुर में जेपी के ठिकानों पर रेड
लोहा कारोबारी जेपी के ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की है। टीम तीन गाडिय़ों में विद्या नगर स्थित उनके निवास प्रकाश पुंज पहुंची। यहां अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है और कारोबारी से पूछताछ भी की जा रही है। इसके अलावा व्यापार विहार स्थित मित्तल स्टील इस्पात और स्टीलमार्ट के ऑफिस और दुकान पर भी आईटी की टीम ने दबिश दी है। यहां हनुमान हार्डवेयर स्टोर के नाम से दुकान संचालित है। जेपी संभाग के बड़े लोहा कारोबारियों में शामिल हैं। फिलहाल सभी ठिकानों पर जांच जारी है।


