नारायणपुर। क्षेत्र में लकड़ी तस्करों के हौसले इस कदर बुलंद होते नजर आ रहे हैं कि अब उन्हें न तो कानून का डर है और न ही प्रशासनिक कार्रवाई की चिंता। तस्करों की बेखौफ गतिविधियों का ताजा मामला चराईडांड-बतौली स्टेट हाईवे-17 से सामने आया है, जहां अज्ञात लोगों ने आधी रात को सडक़ किनारे लगे एक विशाल हरे-भरे पेड़ को इलेक्ट्रिक आरा मशीन से काटकर धराशायी कर दिया। हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर इस घटना को अंजाम दिया गया, वहां दिन-रात वाहनों का लगातार आवागमन रहता है। इसके बावजूद तस्करों ने बिना किसी डर के पेड़ की कटाई कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात बनकोम्बो पंचायत के सारंगडांड में सडक़ के मोड़ के पास अज्ञात लकड़ी तस्करों ने इलेक्ट्रिक आरा मशीन की मदद से एक बड़े पेड़ को काट दिया। तस्करों ने पेड़ को काटकर जमीन पर तो गिरा दिया, लेकिन वे उसे अपने साथ ले जाने में सफल नहीं हो सके। बताया जा रहा है कि पेड़ काटने के बाद उसे छोटे-छोटे टुकड़ों यानी बोंगी में बदलकर ले जाने की उनकी योजना थी, लेकिन समय का अभाव होने के कारण वे पेड़ को टुकड़ों में नहीं काट पाए। ऐसे में तस्कर अपनी आरा मशीन लेकर मौके से फरार हो गए और काटा गया पेड़ वहीं पड़ा रह गया।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, तस्करों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर इस पूरी घटना को अंजाम दिया। जिस तरह इलेक्ट्रिक आरा मशीन से पेड़ की कटाई की गई है, उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने पूरी तैयारी के साथ इस घटना को अंजाम दिया होगा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि तस्कर समय रहते पेड़ को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटने में सफल हो जाते तो संभवत: सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाकर लकड़ी लेकर फरार हो जाते। ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान पर पेड़ को काटा गया है, वह जमीन सरकारी बताई जा रही है और राजस्व विभाग के अधीन आती है। ऐसे में सरकारी जमीन पर लगे हरे-भरे पेड़ की इस तरह अवैध कटाई किया जाना गंभीर मामला है। घटना की जानकारी सोमवार सुबह कुनकुरी वन परिक्षेत्र को मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। सरकारी जमीन पर लगे हरे-भरे पेड़ को अज्ञात लोगों द्वारा अवैध रूप से काटे जाने के मामले में वन विभाग ने काटी गई लकड़ी को जब्त कर लिया है। हालांकि, इस घटना को अंजाम देने वाले लोगों की पहचान और उनके विरुद्ध आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
24 घंटे व्यस्त रहने वाले मार्ग पर तस्करों की हिम्मत कैसे बढ़ी?
सबसे गंभीर पहलू यह है कि चराईडांड-बतौली स्टेट हाईवे-17 क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्ग है। इस सडक़ पर दिन और रात चौबीसों घंटे छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन जारी रहता है। इसके बावजूद सडक़ किनारे आधी रात को इलेक्ट्रिक आरा मशीन से विशाल पेड़ काट देना कई सवाल खड़े करता है। आखिर तस्करों को इतनी बड़ी घटना को अंजाम देने की हिम्मत कहां से मिल रही है? क्या उन्हें किसी प्रकार की निगरानी या कार्रवाई का डर नहीं है? व्यस्त मार्ग पर इस तरह की गतिविधियां होना प्रशासनिक सतर्कता और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि घटनास्थल की जांच कर तस्करों का पता लगाया जाए तथा क्षेत्र में लकड़ी की अवैध कटाई पर प्रभावी रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ाई जाए। उनका कहना है कि यदि इस मामले में दोषियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो आने वाले दिनों में तस्करों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं। हरे-भरे पेड़ क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा हैं। इनकी अवैध कटाई रोकना केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। अब देखना होगा कि वन विभाग और प्रशासन इस मामले में कितनी गंभीरता दिखाती हैं और आधी रात को पेड़ काटकर फरार हुए अज्ञात लोगों तक कब पहुंच पाती हैं।
जहां तस्करों द्वारा लकड़ी की कटाई की गई है, वह वन विभाग की जमीन नहीं, बल्कि राजस्व भूमि के अंतर्गत आती है। काटी गई लकडिय़ों को जब्त कर कुछ लकडिय़ों को कुनकुरी और कुछ को नारायणपुर डिपो में रखा जा रहा है।
सुरेन्द्र होता – रेंजर, कुनकुरी
न कानून का डर, न प्रशासन का खौफ!, आधी रात को लकड़ी तस्करों ने इलेक्ट्रिक मशीन से काट गिराया विशाल पेड़, समय के अभाव में लकड़ी छोडक़र भागे आरोपी


