कोसीर। थाना कोसीर पुलिस ने युवक संजय सुमन की चाकू मारकर की गई सनसनी खेज हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू व जलाए कपड़ों के अवशेष भी बरामद किए हैं। मामला 8 नवंबर की रात का है। ग्राम भांठागांव स्थित रंजीता तालाब के नीचे मुख्य मार्ग के पास संजय सुमन घायल अवस्था में पड़ा मिला था। उसके सीने, पेट, पसली और बाएं हाथ की कलाई पर धारदार हथियार से चोट लगी थी। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हेमरेजिक शॉक और प्रकृति हत्यात्मक पाई गई।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल और एसडीओपी गोविन्द सिंह दीवान के मार्ग दर्शन में थाना प्रभारी आर.एन. साय के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर सूचना, फॉरेंसिक जांच और गवाहों के कथनों के आधार पर साहिल सुमन,पंकज जोल्हे और एक अपचारी बालक से पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि पुराने विवाद की रंजिश में तीनों ने संजय को मारने की योजना बनाई थी। 8 नवंबर की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच संजय अपने दोस्त ओम प्रकाश उर्फ धोंडू के घर से साइकिल से घर जा रहा था। तीनों स्कूटी से उसका पीछा कर रहे थे। हीरा हार्डवेयर के आगे साहिल ने स्कूटी रोककर कमर से चाकू निकालकर संजय के पेट और सीने पर वार कर दिए। इस दौरान पंकज ने उसके पैर पकड़े थे और अपचारी बालक ने हाथ पकड़ रखे थे। मुख्य मार्ग पर वाहनों की लाइट दिखने पर तीनों भाग गए। साहिल ने चाकू झाडिय़ों में फेंक दिया। बाद में साहिल और अपचारी बालक ने अजय खूटे के नवनिर्मित मकान पीछे अपने कपड़े जला दिए । 11 नवंबर को साहिल के मेमोरेंडम पर पुलिस ने चाकू बरामद किया और जले कपड़े व राख को साक्ष्य के रूप में जब्त किया। प्रकरण में बी एन एस की धारा 238 और 3(5) जोड़ी गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इस कार्रवाई में पी एस आई नेहा चन्द्राकर, प्रधान आरक्षक भीम सेन सिदार, जयराम साहू, छत्रपति जोल्हे, आरक्षक धनसाय कुर्रे, विकास पटेल, सुरेश बर्मन, उमेश जांगड़े सहित थाना कोसीर स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
कोसीर में सनसनीखेज हत्या का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार, 1 नाबालिग अभिरक्षा में
पुरानी रंजिश में चाकू मारकर की थी युवक की हत्या, सबूत मिटाने के लिए जलाए थे कपड़े


