रेलवे पेंशनरों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के साथ नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन

रेलवे पेंशनरों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के साथ नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन

Lochan Gupta
2 Min Read

बिलासपुर। रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशानुसार रेलवे पेंशनभोगियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए 01 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान-5.0 चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य पेंशनरों को घर बैठे अथवा सुविधाजनक स्थान पर डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें डिजिटल प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना है।
इस अभियान के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन के मार्गदर्शन में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के पेंशन अनुभाग में सभी कार्यालयीन दिवसों, केंद्रीय चिकित्सालय बिलासपुर तथा मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित तिथियों में शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 11 नवम्बर 2026 को मंडल के ब्रजराजनगर रेलवे स्टेशन पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में उपस्थित पेंशनभोगियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों का आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ऑनलाइन डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जारी किए गए। इस अवसर पर उप मंडलीय रेलवे चिकित्सालय, रायगढ़ एवं रोड मोबाइल मेडिकल वैन की विशेष मेडिकल टीम द्वारा पेंशनरों को स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर में विभिन्न स्वास्थ्य जांचों के साथ ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर की जांच तथा चिकित्सकीय परामर्श की नि:शुल्क सुविधा भी प्रदान की गई। शिविर में रेलवे पेंशनरों की सक्रिय सहभागिता के साथ डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जारी करने एवं स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न किया जा रहा है। यह पहल रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को सरल, सुलभ एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके प्रति सम्मान, संवेदनशीलता एवं सेवा भावना को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Share This Article