छत्तीसगढ़ में एसआईआर के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, प्रदेश में 1.90 करोड़ से अधिक वोटर पंजीकृत

Lochan Gupta
4 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची का ड्राफ्ट 12 नवंबर 2026 को जारी कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों में निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशित किया गया है। राजनीतिक दलों को भी इसकी हार्ड और सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध करा दी गई है। मतदाता अब वोटर हेल्पलाइन मोबाइल ऐप और आधिकारिक वोटर पोर्टल के माध्यम से अपने मतदान केंद्र की सूची में नाम चेक कर सकते हैं।
12 नवंबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार छत्तीसगढ़ में कुल 1 करोड़ 90 लाख 16 हजार 768 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 94 लाख 84 हजार 635 पुरुष, 95 लाख 31 हजार 721 महिला और 412 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेश में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 26 हजार 854 हो गई है। इससे पहले राज्य में 27 हजार 196 मतदान केंद्र थे। पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत 47 नए मतदान केंद्र बनाए गए, जबकि 389 केंद्रों को विलोपित किया गया है। वर्तमान में प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में 5,876 और ग्रामीण क्षेत्रों में 20,978 मतदान केंद्र हैं।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतदाताओं से अपील की गई है कि वे ड्राफ्ट सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जरूर जांच लें। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध हैं। ऑनलाइन: वोटर हेल्पलाइन मोबाइल ऐप या आधिकारिक वोटर पोर्टल के माध्यम से मतदान केंद्रवार सूची देख सकते हैं। यदि किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं है, नाम या अन्य विवरण में गलती है अथवा किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज है, तो निर्धारित फॉर्म के माध्यम से दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। आवेदन ऑनलाइन ऐप या पोर्टल से और ऑफलाइन बीएलओ के माध्यम से भी किया जा सकता है। फॉर्म-6 नए मतदाता के पंजीकरण के लिए। 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के साथ ही 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को पात्र होने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। फॉर्म-8: मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन, पता स्थानांतरित कराने, नया ईपीआईसी कार्ड बनवाने या स्वयं को दिव्यांग मतदाता के रूप में चिन्हांकित कराने के लिए।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए निर्वाचन आयोग ने तारीखें भी तय कर दी हैं। इसके अनुसार ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया गया है। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 11 दिसंबर 2026 तक का समय दिया गया है। दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी। प्रशासन ने प्रदेश के नागरिकों से पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके। नाम जुड़वाने या आवेदन से जुड़ी किसी भी परेशानी के लिए मतदाता टोल-फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं या ऐप के जरिए अपने बीएलओ से जानकारी ले सकते हैं।

Share This Article