तंत्र-मंत्र से बीमारी ठीक करने के बहाने युवती से रेप

गीले कपड़ों में बुलाया, नींद की दवा पिलाई, बेहोशी में दुष्कर्म किया

Lochan Gupta
6 Min Read

रायगढ़। झाड़-फूंक से बीमारी ठीक करने और शादी में आ रही रुकावट दूर करने का झांसा देकर 40 साल की अविवाहित लडक़ी से रेप हुआ है। आरोपी ने पूजा-पाठ के बहाने युवती को नींद की दवा मिलाकर पानी पिलाया और बेहोशी की हालत में उसके साथ जबरदस्ती की। इसके बाद अपनी महिला साथी के साथ मिलकर अलग-अलग बहानों से करीब 6 लाख रुपए भी वसूल लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, लैलूंगा क्षेत्र में रहने वाली 40 वर्षीय युवती ने 5 नवंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि मार्च 2026 में एक परिचित महिला के जरिए उसकी पहचान चंद्र कुमार जायसवाल (45) से हुई थी। चंद्र कुमार अस्पताल पारा में प्रहलाद सिदार के किराए के मकान में रहता था। युवती को बताया गया था कि चंद्र कुमार हाथ देखकर भविष्य बताता है। साथ ही झाड़-फूंक और दवाओं से बीमारियों का इलाज भी करता है। इसके बाद युवती ने मोबाइल पर उससे संपर्क किया और अपने शरीर में दर्द रहने और शादी नहीं हो पाने की परेशानी बताई। इस पर चंद्र कुमार ने झाड़-फूंक और पूजा-पाठ से बीमारी ठीक करने और शादी में आ रही रुकावट दूर करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल और वॉट्सऐप पर बातचीत होने लगी।

पूजा-पाठ के बहाने किराए के मकान में बुलाया

पुलिस को युवती ने बताया कि 8 मार्च को चंद्र कुमार ने इलाज और पूजा-पाठ के बहाने उसे रायगढ़ रोड स्थित अपने किराए के मकान में बुलाया। युवती बस से घरघोड़ा पहुंची, जहां आरोपी बाइक से उसे अपने मकान ले गया। वहां पहले से एक महिला मौजूद थी। आरोपी ने उसकी पहचान धरमजयगढ़ के ग्राम गेरसा सुकवासीपारा की गायत्री महंत (39) के रूप में कराई। उसने युवती को बताया कि गायत्री पूजा-पाठ करती है।

गीले कपड़ों में पूजा के लिए बुलाया

मकान पहुंचने पर गायत्री ने युवती से उसकी परेशानियों के बारे में पूछा। इसके बाद पूजा के लिए कपूर, घर की मिट्टी और लड्डू लाने को कहा। युवती सामान लेकर लौटी तो गायत्री ने उसे नहाकर गीले कपड़ों में पूजा स्थल पर आने को कहा। उसने भरोसा दिलाया कि वह खुद महिला है और पूजा के दौरान वहीं मौजूद रहेगी। इसलिए युवती को संकोच करने की जरूरत नहीं है।

बेहोश होने पर शारीरिक संबंध बनाए

युवती के गीले कपड़ों में पूजा स्थल पर पहुंचने के कुछ देर बाद चंद्र कुमार वहां आया और हवन-पूजा करने लगा। इस दौरान उसने अभिमंत्रित जल बताकर युवती को पानी पिलाया। पानी पीने के कुछ देर बाद उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई। युवती ने पुलिस को बताया कि बेहोशी की हालत में चंद्र कुमार ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। होश आने पर जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने शादी में आ रही रुकावट दूर करने और शरीर की परेशानी ठीक करने के नाम पर अपनी हरकत को सही ठहराने की कोशिश की।

पूजा और बिजनेस के नाम पर वसूले रुपए

इसके बाद चंद्र कुमार और उसकी महिला साथी ने पूजा-पाठ और हवन के नाम पर पहले 4 हजार और फिर 12 हजार रुपए लिए। बाद में आरोपी ने उसे वेस्टिज कंपनी में काम दिलाने का झांसा दिया और रुपए देने के लिए दबाव बनाया। इस तरह दोनों ने अलग-अलग बहाने बनाकर युवती से करीब 6 लाख रुपए ले लिए। इसके बाद भी जब उसकी परेशानी दूर नहीं हुई और उसे कोई फायदा नहीं दिखा तो उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही। इस पर आरोपियों ने उसे डराया-धमकाया। बाद में युवती ने थाने पहुंचकर दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा

पुलिस की जांच में सामने आया कि चंद्र कुमार जायसवाल और गायत्री मानिकपुरी पहले से एक-दूसरे के संपर्क में थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने मिलकर झाड़-फूंक के बहाने युवती को अपने जाल में फंसाने की योजना बनाई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

झाड़-फूंक के नाम पर किसी के झांसे में न आएं

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि लोग अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। किसी भी तरह के शोषण या अपराध की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने बताया कि युवती की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Share This Article