रायगढ़। जिले में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। दीपावली की रात जंगल से निकलकर हाथियों का दल खेतों में पहुंच गया और किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाया। हाथियों ने कई स्थानों पर धान की फसल को पैरों से रौंद दिया तो वहीं, लैलूंगा वन परिक्षेत्र के कोड़माई गांव में धान के साथ टमाटर की फसल भी बर्बाद किया है। घटना के बाद वन विभाग की टीम ने प्रभावित खेतों में पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ वन मंडल के धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत ओंगना गांव में हाथियों ने करियारी अगरिया और चमार सिंह की धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है, साथ ही कोयलार गांव में धनाराम और दरीडीह गांव में पुरनो प्रधान के खेतों में लगी फसल को बुरी तरह रौंद दिया है, इससे किसानों को काफी नुकसान हुआ है। इसके बाद उसी रात लैलूंगा वन परिक्षेत्र के कोड़माई गांव में भी हाथियों एक दल जंगल से निकलकर खेतों में पहुंच गया, जो यहां धान और टमाटर की फसल को नुकसान पहुंचा है। इससे प्रभावित किसानों में बुधुराम, सुखरू, गोपाल, प्रेम कुमार भगत, गणेश, जयलाल, महेश सिंह और सुकराम शामिल हैं।
आंकलन में जुटा विभाग
किसानों के फसल की नुकसान की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को जंगल की ओर भगाने का प्रयास करते रहे, लेकिन ये हाथी देर रात तक खेतों में जमे रहे, इससे टमाटर व धान फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं हाथियों के जाने के बाद दूसरे दिन सुबह टीम फिर खेत पहुंची और खेतों में लगी फसल का आंकलन तैयार कर अधिकारियों को सौंपा है।
अलग-अलग दल में भ्रमण कर रहे गजराज
वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में धरमजयगढ़ वन मंडल में 108 हाथी विचरण कर रहे हैं। इनमें 37 नर, 55 मादा और 16 शावक शामिल हैं। वहीं, रायगढ़ वन मंडल में 28 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। इनमें 10 नर, 10 मादा और 8 शावक हैं। इस तरह दोनों वन मंडलों में कुल 136 हाथी मौजूद हैं, जिनमें 47 नर, 65 मादा और 24 शावक शामिल हैं। हाथियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी के कारण वनांचल के गांवों में किसानों की फसल पर लगातार खतरा मंडरा रहा है।

