पुरानी रंजिश में युवक को दौड़ाकर चाकू मारा, नागपुर से लौटते ही एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

पुरानी रंजिश में युवक को दौड़ाकर चाकू मारा, नागपुर से लौटते ही एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

Lochan Gupta
3 Min Read

रायगढ़। जिले में खरसिया बस स्टैंड के पास पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट की और उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। इनमें से एक आरोपी नागपुर से अपने घर लौटा तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामला खरसिया चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पुरानी बस्ती निवासी ममता ठाकुर (32) ने 31 अक्टूबर को खरसिया पुलिस चौकी में मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर की दोपहर नया बस स्टैंड के पास ईशान पेशवानी और फैज खान व फहीम अख्तर के बीच गाली-गलौज और विवाद हो रहा था। इसकी जानकारी ईशान ने फोन कर अपने परिचित अजय राजपूत (25) को दी। अजय मौके पर पहुंचा और विवाद शांत कराने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर फैज खान और फहीम अख्तर ने उसे गाली दी और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से पीटना शुरू कर दिया। अजय अपनी जान बचाकर वहां से भागने लगा तो दोनों आरोपियों ने उसका पीछा किया।

अजय को पकडक़र चाकू से किया हमला

भागते समय फहीम अख्तर ने अजय को पकड़ लिया। इसके बाद फैज खान ने अपने पास रखे धारदार चाकू से उस पर वार कर दिया। हमले में अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद ईशान पेशवानी घायल अजय को इलाज के लिए खरसिया अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर कर दिया।

खरसिया में दिखा आरोपी, पुलिस ने पकड़ा

घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। दोनों आरोपी वारदात के बाद से फरार थे। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस से बचने के लिए दोनों आरोपी बार-बार अपना लोकेशन बदल रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फहीम अख्तर खरसिया में देखा गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के बाद दोनों बिलासपुर से नागपुर चले गए थे। वहां से रायगढ़ लौटने के बाद वह छिपते हुए खरसिया स्थित अपने घर जाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। खरसिया पुलिस ने आरोपी फहीम अख्तर (23) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, मामले का दूसरा आरोपी फैज खान अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Share This Article