पूर्व विधायक यूडी मिंज के विवादित पोस्ट पर गरमाया माहौल

भाजपा ने किया विरोध प्रदर्शन, गिरफ्तारी की मांग

Gupta Lochan
2 Min Read

जशपुर(कुनकुरी)। कांग्रेस के पूर्व विधायक यूडी मिंज द्वारा फेसबुक पर किए गए आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर आज कुनकुरी में माहौल गरमा गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सडक़ पर उतरकर विरोध जताया और थाना पहुंचकर उनकी गिरफ्तारी की मांग की।
भाजपा के मंडल अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में युवराज आदित्य सिंह जूदेव, यशप्रताप सिंह जूदेव, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर यूडी मिंज के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शनकारी ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ और ‘यूडी मिंज को गिरफ्तार करो’ जैसे नारों के साथ कुनकुरी बस स्टैंड पहुंचे, जहां पूर्व विधायक यूडी मिंज और पाकिस्तान का एक ही पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया। भाजपा ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए यूडी मिंज के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। बता दें कि हाल ही में पहलगाम में हुई घटना के बाद पूरे देश में पाकिस्तान के खिलाफ आक्रोश है। ऐसे समय में यूडी मिंज के फेसबुक पोस्ट, जिसमें पाकिस्तान के समर्थन और युद्ध में उसकी जीत का दावा किया गया था, ने लोगों की भावनाओं को आहत किया है।
हालांकि, यूडी मिंज ने सफाई देते हुए कहा है कि उनका फेसबुक अकाउंट हैक हो गया था और वह इस संबंध में सार्वजनिक जानकारी भी दे चुके हैं। लेकिन भाजपा नेताओं ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि मेटा वेरिफाइड अकाउंट आसानी से हैक नहीं होता, यह सब सोची-समझी साजिश का हिस्सा है। फिलहाल पूरे प्रकरण को लेकर कुनकुरी का राजनीतिक माहौल गर्म है।

Share This Article