स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने की नगरीय निकायों एवं निर्माण विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता स्वीकार्य नहीं, अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश

Lochan Gupta
4 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री तथा मनेन्द्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में आज मनेंद्रगढ़ में कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिले के नगरीय निकायों एवं विभिन्न निर्माण विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिक निगम चिरमिरी, नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ सहित झगराखण्ड, खोंगापानी, नई लेदरी एवं जनकपुर नगरीय निकायों में संचालित विकास कार्यों, स्वास्थ्य सेवाओं, अधोसंरचना निर्माण तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने जिले में स्वीकृति के बावजूद अप्रारंभ निर्माण कार्यों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ), नालंदा परिसर, विधायक निधि, नगरोत्थान योजना, सौंदर्यीकरण, गौरव पथ, सीसी रोड निर्माण, कम्पोजिट शेड निर्माण तथा वेस्ट टू वैल्यू घटक के अंतर्गत स्वीकृत विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने तथा प्रगतिरत कार्यों को लक्ष्य के अनुरूप कार्ययोजना बनाकर पूर्ण करने के निर्देश दिए। मंत्री श्री जायसवाल ने विभागवार कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं एवं निर्माण कार्यों में विलम्ब के कारणों पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक परियोजना का क्रियान्वयन गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।
स्वास्थ्य मंत्री ने आगामी ग्रीष्म काल में नगरीय निकाय क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को अभी से आवश्यक तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि आगामी गर्मी के मौसम में नगरीय निकायों में पेयजल आपूर्ति में परेशानी होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने एसईसीएल चिरमिरी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा समस्त नगरीय निकायों को आपसी समन्वय से पेयजल आपूर्ति की ठोस कार्ययोजना तैयार कर समय रहते कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए और इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वित प्रयास सुनिश्चित करें।
नगरीय निकायों की समीक्षा के दौरान पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, अमृत मिशन, स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सडक़ एवं नाली निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, सौंदर्यीकरण तथा नगरीय अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण से संबंधित कार्यों की निकायवार जानकारी ली गई। स्वास्थ्य मंत्री ने नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना है। ऐसे में सडक़, नाली, पेयजल एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नगरीय निकाय गंभीरता से कार्य करें। बैठक में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना, जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगर एवं ग्राम निवेश सहित अन्य संबंधित विभागों के अंतर्गत संचालित निर्माण एवं अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने सडक़, पुल-पुलिया, भवन, पेयजल संरचनाओं एवं अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। संबंधित अधिकारी निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करें, आवश्यक तकनीकी परीक्षण सुनिश्चित करें तथा कार्यों की प्रगति की सतत निगरानी करते हुए उन्हें निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराएं।

Share This Article