रायगढ़। एनटीपीसी लारा में संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संविधान निर्माण में भारत रत्न डॉ. बी.आर. आंबेडकर के अतुलनीय योगदान को स्मरण किया गया। समारोह में एनटीपीसी लारा के परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर ने संविधान के आदर्शों को अपने जीवन एवं कार्यों में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में श्रीमती रेखा ठाकुर, अध्यक्ष, प्रेरिता महिला समिति (पीएमएस), एम. श्रीनाध, श्रीमती एम. उषा, श्रीमती सुष्मिता रेड्डी, महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग), उदागिरी वी.वी.एस. श्रीनिवास राव, जाकिर खान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, एससी/एसटी वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बच्चे उपस्थित रहे। समारोह के दौरान संविधान की प्रस्तावना के मूल्यों को दोहराते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
अपने संबोधन में सुभाष ठाकुर ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार एवं अवसर प्रदान करने के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध भी कराता है। उन्होंने डॉ. बी.आर. आंबेडकर के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी एक समतामूलक, न्यायपूर्ण एवं समावेशी समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने सभी से संविधान के मूल्यों को अपने व्यवहार एवं कार्यों में अपनाने का आग्रह किया। इस अवसर पर एससी/एसटी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा संविधान के आदर्शों को समाज में स्थापित करने के महत्व पर प्रकाश डाला।
समारोह में बाल भवन के बच्चों द्वारा प्रस्तुत फैंसी ड्रेस कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। इसके पश्चात गुरुकुल के विद्यार्थियों ने समूह नृत्य एवं लघु नाटिका के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया तथा संविधान के मूल्यों एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रस्तुतियों के प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। धन्यवाद ज्ञापन के पश्चात राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस आयोजन के माध्यम से एनटीपीसी लारा परिवार ने संविधान के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए एक सशक्त, समावेशी एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
लोकतंत्र को सशक्त बनाने में संविधान की भूमिका महत्वपूर्ण-सुभाष ठाकुर
एनटीपीसी लारा में संविधान दिवस समारोह का हुआ आयोजन


