ओडिशा से लाई गई शराब-बीयर जब्त, जमीन में गाडक़र छिपाई थी शराब

दो मामले में महिला समेत 2 लोग गिरफ्तार

Lochan Gupta
2 Min Read

रायगढ़। जिले में पुलिस ने शराब तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। एक आरोपी ने दूसरे राज्य की शराब और बीयर घर के पीछे बाड़ी में जमीन के अंदर छिपाकर रखी थी। वहीं, एक महिला अपने घर में महुआ शराब रखकर बेच रही थी। पुलिस ने दोनों मामलों में महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम लोईंग निवासी चंद्रशेखर उर्फ सोनू सतनामी (23) अपने घर की बाड़ी में अवैध शराब छिपाकर बेचता है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शुरुआत में आरोपी ने शराब रखने और बेचने से इनकार किया, लेकिन पूछताछ के बाद उसने घर के पीछे बाड़ी में जमीन के अंदर दबाकर रखा बोरा निकालकर पुलिस को दिखाया। बोरे की तलाशी में ओडिशा की 9 पाव अंग्रेजी शराब, 10 पाव देशी शराब और 12 बीयर मिली। पुलिस ने कुल 9.420 बल्क लीटर शराब और बीयर जब्त की। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई।
महिला के घर से मिली महुआ शराब
दूसरे मामले में पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम महापल्ली नवामुड़ा निवासी कल्पना उरांव (31) अपने घर में अवैध महुआ शराब रखकर बेच रही है। पुलिस टीम ने उसके घर पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान आंगन में दीवार के पास बोरी से ढंकी जरकीन में कच्ची शराब मिली। पुलिस ने शराब जब्त कर महिला के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत अपराध दर्ज किया है।

Share This Article