फर्जी तरीके से जमीन बेचने वाला ग्रामीण गिरफ्तार

शासकीय भूमि को निजी नाम पर दर्ज कराकर बेचने का मामला

Lochan Gupta
3 Min Read

रायगढ़. ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत कापू थाना पुलिस ने ग्राम रायमेर की शासकीय भूमि को कूटरचित दस्तावेजों एवं अवैधानिक तरीके से निजी व्यक्तियों के नाम अंतरित कर बिक्री करने के मामले में आरोपी उजीतराम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई तहसीलदार कापू उन्मेश पटेल की 11 अगस्त को थाना कापू में दी गई रिपोर्ट से प्रारंभ हुई थी।
कापू थाना में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय भूमि के विभिन्न खसरा नंबरों में कूटरचना कर राजस्व रेकॉर्ड में हेरफेर किया गया। बाहरी व्यक्तियों के नाम फर्जी पट्टे तैयार कर बाद में दलालों के माध्यम से उक्त भूमि की रजिस्ट्री कराई गई थी। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि शासकीय भूमि के कुछ हिस्सों को तत्कालीन पटवारी राकेश साय द्वारा निजी व्यक्तियों के नाम पर दर्ज किया गया था। इसके बाद कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर यह भूमि अन्य व्यक्तियों को अंतरित की गई। इस प्रकरण में तत्कालीन पटवारी राकेश साय, मुक्तारधारी कैशव कुमार जेठवानी उर्फ सोनी, विक्रेता उजीतराम, गवाह अगस्तुस खलखो एवं लालबहादुर यादव के विरुद्ध कापू थाने में धारा 420, 467, 468, 471, 120(बी) भादवि के तहत अपराध दर्ज कराया गया था। मामले की विवेचना के दौरान थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की ने दो सितंबर को फरार आरोपी राकेश साय (निवासी सिविल लाइन धरमजयगढ़) को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से लैपटॉप एवं प्रिंटर भी जब्त किए गए। इसके बाद आरोपी अगस्तुस खलखो (निवासी पोराडाही) को भी पकड़ा गया, जिसने रजिस्ट्री दस्तावेजों में साक्षी के रूप में हस्ताक्षर करना स्वीकार किया। 22 नवंबर को मिली मुखबिर सूचना पर पुलिस दल ने आरोपी उजीतराम को उसके गांव से हिरासत में लिया। पूछताछ में उजीतराम ने बताया कि तत्कालीन पटवारी राकेश साय ने शासकीय भूमि को निजी व्यक्ति के नाम दर्ज किया था और उसने कैशव जेठवानी को बिक्री के लिए मुक्तारनामा दिया था। अपराध में उजीतराम की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे 22 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

Share This Article