रेल्वे लाइन से कॉपर वायर चोरी करने वाले गिरोह के पांच आरोपी गिरफ्तार

1900 मीटर से अधिक कॉपर, कैटनरी व कांटेक्ट तार, क्लिप, पिन, एक मोटर सायकल बरामद, आरोपियों की गिरफ्तारी से 3 अपराधों का हुआ खुलासा, आरोपी रिमांड बाद गये सलाखों के पीछे] घरघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ़। घरघोड़ा पुलिस ने नवनिर्मित रेल्वे लाइन से कॉपर वायर और अन्य उपकरण चोरी करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से लगभग 1900 मीटर से अधिक तांबे के तार, कैटनरी एवं कांटेक्ट तार, क्लिप, पिन सहित ओएचई फिटिंग्स बरामद की है, जिसकी कुल कीमत 88 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है। इसके साथ ही चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लोहे की आरीपत्ती और टांगी भी जप्त की गई। इस कार्रवाई से थाना घरघोड़ा में दर्ज तीन अलग-अलग चोरी के मामलों धारा 303(2) बीएनएस का पर्दाफाश हुआ है।
रेल संपत्ति चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने मुखबिरों को सक्रिय कर लगातार जानकारी जुटाई। इसी कड़ी में 23 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम नुनदरहा के कुछ युवक चोरी का कॉपर वायर छिपाकर रखे हैं और ग्राहक की तलाश में हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दुष्यंत यादव, गजानंद चौहान, सचित चौहान, लवकेशचंद्र चौहान और पुरन चौहान को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने तीन वारदातों का खुलासा किया। उन्होंने कबूल किया कि 30 जून की रात दुष्यंत, गजानंद और सचित ने घरघोड़ा-भालुमुड़ा के बीच रेल्वे लाइन के खंभा नंबर ळ-3ध्1 से ळ-3ध्6 के बीच से तांबा कैटनरी तार कीमती 15 हजार रुपये, 23 जुलाई को दुष्यंत, लवकेश और पुरन ने ग्राम कंचनपुर क्षेत्र के खंभा नंबर 38ध्6 से 38ध्12 के बीच से कैटनरी और कांटेक्ट तार, क्लिप, पिन, स्विवेल क्लिप, जम्पर व स्प्राइस कीमती 41 हजार रुपये तथा 30 जुलाई की रात पुन: दुष्यंत, लवकेश और पुरन ने घरघोड़ा-भालुमुड़ा के बीच से तांबा तार कीमती लगभग 32 हजार रुपये की चोरी की थी ।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर तीनों अपराधों में प्रयुक्त औजार और चोरी किया गया सामान जब्त किया। इसमें विभिन्न लंबाई के तांबे के तार, ओएचई फिटिंग्स, कैटनरी क्लिप, कांटेक्ट क्लिप, जम्पर, आरीपत्ती और टांगी शामिल हैं। घटनाओं में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।

Share This Article