रायगढ़। पुलिस ने नशीली सिरप बेचने निकले 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से ओनरेक्स सिरप की 26 शीशियां बरामद हुई हैं। दोनों युवक घरघोड़ा-लैलूंगा रोड पर ग्राहक तलाश रहे थे। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को बुधवार रात सूचना मिली कि दो व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली सिरप लेकर ढोरम बाईपास तिराहा के पास ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान कन्हैया यादव (23) निवासी ग्राम केनापारा, थाना लैलूंगा और तेज राम यादव (34) निवासी ग्राम कोनपारा, थाना घरघोड़ा के रूप में हुई। पुलिस ने तलाशी ली तो कन्हैया यादव के पास से 17 और तेज राम यादव के पास से 9 शीशी ओनरेक्स सिरप मिली।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे सिरप बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) और 29 के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले सौदागरों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को देने की अपील की।
नशीली सिरप बेचने ग्राहक तलाशने के दौरान 2 युवक गिरफ्तार, ओनरेक्स सिरप की 26 शीशियां बरामद


