रायगढ़। जिले के घरघोड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम चारमार में जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद सामने आया है। यहां खसरा नंबर 86 की 72.45 एकड़ भूमि पर मेसर्स बीएस स्पंज प्रायवेट लिमिटेड द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य पर नायब तहसीलदार न्यायालय ने स्थगन आदेश जारी किया है। न्यायालय ने वरिष्ठ न्यायालय के आगामी आदेश तक निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चारमार निवासी चिंतामणि पिता उसतो कोलता और एक अन्य व्यक्ति ने नायब तहसीलदार न्यायालय घरघोड़ा में आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदकों का दावा है कि खसरा नंबर 86 की 72.45 एकड़ भूमि उनके स्वामित्व और आधिपत्य की है। उनका आरोप है कि उन्होंने यह जमीन किसी व्यक्ति या संस्था को विक्रय नहीं की है, इसके बावजूद बीएस स्पंज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा वहां निर्माण कराया जा रहा है। आवेदकों ने निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी।
मामले में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) घरघोड़ा द्वारा जांच प्रतिवेदन मांगे जाने पर तहसीलदार कार्यालय ने 16 सितंबर 2026 को पत्र क्रमांक 3113/रीडर/2026 के माध्यम से प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जमीन से संबंधित शिकायत वरिष्ठ न्यायालय में भी विचाराधीन है। इन परिस्थितियों को देखते हुए नायब तहसीलदार घरघोड़ा ने 25 नवंबर 2026 को स्थगन आदेश जारी किया।
आदेश में थाना प्रभारी घरघोड़ा को पुलिस बल भेजकर विवादित भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य को रुकवाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, हल्का पटवारी क्रमांक 18 को निर्माण कार्य पर रोक लगाकर 4 दिसंबर 2026 से पहले जांच प्रतिवेदन न्यायालय में प्रस्तुत करने को कहा गया है।
न्यायालय ने कंपनी को भी नोटिस जारी कर 4 दिसंबर 2026 को संबंधित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर, कंपनी की ओर से आकाशदीप ने कहा कि जमीन को लेकर परिवार के बीच आपसी विवाद हो सकता है, लेकिन कंपनी ने नियमानुसार काम किया है और कोई अवैधानिक कार्य नहीं किया। उन्होंने कहा कि विवाद की स्थिति में कंपनी दोबारा सीमांकन कराने के लिए तैयार है। अब आगामी सुनवाई और दस्तावेजों के परीक्षण के बाद मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।
चारमार में बीएस स्पंज के निर्माण पर रोक, जमीन विवाद में 4 दिसंबर को सुनवाई


