विपक्ष की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर-सीएम साय

परिसीमन पर विपक्ष के निराधार आरोप उसके निरंतर हार की हताशा का परिणाम, भाजपा की रीति-नीति और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में युवा मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका

Lochan Gupta
4 Min Read

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परिसीमन को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी और एनडीए अपनी नीतियों, जनकल्याणकारी कार्यों और जनता के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर लगातार देशवासियों का विश्वास अर्जित कर रहे हैं। दूसरी ओर, लगातार चुनावी पराजय से हताश विपक्ष अनर्गल आरोप लगाकर अपनी खीझ मिटाने का प्रयास कर रहा है। विपक्ष के आरोपों में कोई दम नहीं है और देश की जनता उसकी वास्तविकता को भलीभांति समझ चुकी है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आज भारतीय जनता युवा मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति के शुभारंभ सत्र में शामिल होने के बाद पत्रकारों से चर्चा के दौरान यह बात कही। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जिन लोगों की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर रहा है, जिन्होंने वर्षों तक झूठ बोलकर देश की जनता को गुमराह किया और सत्ता हासिल की, वे आज दूसरों पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के लिए ‘नौ सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’ की कहावत बिल्कुल सटीक बैठती है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि देश की जनता अब विपक्ष की वास्तविकता को समझ चुकी है। यही कारण है कि भारतीय जनता पार्टी और एनडीए को लगातार जनता का समर्थन और विश्वास मिल रहा है। उन्होंने कहा कि चुनावों में बार-बार पराजय से विपक्ष बौखलाया हुआ है और इसी हताशा में निराधार बयानबाजी कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ वाली स्थिति विपक्ष की हो गई है। जनता ऐसे आरोपों को गंभीरता से नहीं लेती।

युवा मोर्चा के कंधों पर संगठन को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी

भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति के संबंध में मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कार्यसमिति की बैठकें संगठन की एक सतत और महत्वपूर्ण प्रक्रिया हैं। मूल संगठन के साथ ही विभिन्न मोर्चों की कार्यसमिति की बैठकें भी नियमित रूप से आयोजित की जाती हैं। इन बैठकों के माध्यम से संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक मजबूती से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि युवा मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति में कुल सात सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक सत्र में अलग-अलग विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। इन सत्रों में भारतीय जनता पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने, पार्टी की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा पार्टी की युवा शक्ति है। युवा कार्यकर्ताओं के कंधों पर संगठन को मजबूत बनाने के साथ ही सरकार की योजनाओं और कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दो दिनों तक चलने वाली यह प्रदेश कार्यसमिति अत्यंत सार्थक और फलदायी सिद्ध होगी तथा इससे युवा कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा, दिशा और प्रेरणा मिलेगी।

Share This Article