रायगढ़/धरमजयगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ही दशकों से उपेक्षित देश के आदिवासी और जनजातीय समाज को उनका वास्तविक अधिकार और सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी के कहा जनजातीय समाज के कल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए जितना ऐतिहासिक कार्य मोदी जी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में हुआ है, उतना देश की किसी अन्य सरकार में कभी नहीं हुआ। वर्ष 2026 तक नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ फेंकना जनजातीय समाज के सम्मान का विषय है बस्तर अब बंगकों की गूंज से नहीं, बल्कि ‘बस्तर ओलंपिक’ और खेल के मैदानों से पहचाना जा रहा है। लोक आस्था का महापर्व छठ बिहार की संस्कृति को वैश्विक पहचान दे रहा है, उगते और डूबते सूर्य दोनों को नमन करने वाले बिहार के लोग आज विकास के रथ पर सवार हैं। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के अवसर पर छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित दशहरा मैदान में आयोजित भव्य जनजातीय गौरव सम्मेलन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने जनजातीय समाज के उत्थान, नक्सलवाद के खात्मे, लोक आस्था के महापर्व छठ और देश के विभिन्न समसामयिक विषयों पर अपने विचार साझा किए। अपने संबोधन की शुरुआत में भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए नितिन नवीन ने समस्त देशवासियों, झारखंडवासियों और जनजातीय समाज के सभी भाई-बहनों को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित कर इस समाज को उसका उचित सम्मान दिया है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में स्पष्ट है कि हम जनजातीय समाज के साथ मिलकर ही देश का विकास देखते हैं। ‘विकसित भारत’ के संकल्प को सिद्धि तक तभी पहुंचाया जा सकता है, जब हम जनजातीय समाज को साथ लेकर आगे बढ़ें। श्री नवीन ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि आज देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद के साथ-साथ कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी जनजातीय समाज से आते हैं, जो यह दर्शाता है कि आज यह समाज न केवल विकास का सक्रिय भागीदार है, बल्कि देश का नेतृत्व भी कर रहा है।
नक्सलवाद पर कड़ा प्रहार करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने कहा कि वर्ष 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह से जड़ों से समाप्त करना जनजातीय समाज के सम्मान से जुड़ा है। प्रधानमंत्री जी ने छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना और झारखंड जैसे राज्यों से नक्सल समस्या को जड़ से समाप्त करने का जो संकल्प लिया था, वह आज जमीन पर पूरा होता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रधानमंत्री जी ने बस्तर के जंगलों में जाकर वीर सपूतों और सैनिकों के साथ दीपावली मनाकर स्पष्ट संकेत दे दिया है कि अब नक्सलवाद अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है। आज जिस बस्तर में कभी बंदूक उठाने वालों की चर्चा होती थी, वहां आज ‘बस्तर ओलंपिक’ और खेल के मैदानों की चर्चा होती है। सरकार के निरंतर प्रयासों से छत्तीसगढ़ और ओडिशा के घोर नक्सल प्रभावित इलाके भी आज नक्सल मुक्त होकर मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।
लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर श्री नवीन ने सभी छठ व्रतियों को प्रणाम करते हुए बिहार के 14 करोड़ निवासियों और देशभर के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अनुशासन, शुद्धता और पवित्रता का यह महापर्व आज विश्वभर में बिहार की संस्कृति की पहचान बढ़ा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कथन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बिहारियों का यह स्वभाव है कि वे उगते हुए सूरज के साथ-साथ डूबते हुए सूरज को भी नमन करते हैं, क्योंकि जो डूबता है उसका उदय भी निश्चित होता है। इसी भाव के साथ आज बिहार पुन: विकास के रथ पर सवार होकर अपना गौरवशाली इतिहास और वैभव स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। एक प्रमुख परियोजना के नामकरण के संदर्भ में स्थिति स्पष्ट करते हुए माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने कहा कि वर्ष 2012 में नीतीश कुमार ने ही इस परियोजना की नींव रखी थी और उसी वर्ष इसका डीपीआर बनना शुरू हुआ था। 2015 के चुनाव से पूर्व इसका शिलान्यास भी संपन्न हो गया था। अत: जिन्होंने इसकी नींव रखी थी, बिहार को मिलने वाले उनके निरंतर सहयोग और आज भी मिल रहे उनके मार्गदर्शन के सम्मान में सबकी सहमति से इस परियोजना का नामकरण किया गया है। अपने संबोधन के अंत में श्री नवीन ने क्रिकेट के मैदान पर भारतीय टीम की शानदार सफलता का उल्लेख करते हुए खिलाडिय़ों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जिस तरह हमारे युवा खिलाडिय़ों ने पाकिस्तान के छक्के छुड़ाते हुए दसवीं बार कप अपने नाम किया है, वह पूरे देश के लिए एक ऐतिहासिक और गौरव का क्षण है। उन्होंने इस अभूतपूर्व जीत के लिए पूरी क्रिकेट टीम को अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज का योगदान अतुलनीय रहा है। भगवान बिरसा मुण्डा का ‘उलगुलान’ आंदोलन सदियों तक शोषण के विरुद्ध संघर्ष और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता रहेगा। श्री नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित कर आदिवासी नायकों को राष्ट्रीय स्तर पर सच्चा सम्मान दिलाया है। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और वन अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
सीएम साय ने किया समाज के गौरवशाली इतिहास का स्मरण

समारोह की अध्यक्षीय आसन्दी से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए उनके अद्वितीय योगदान को नमन किया। श्री साय ने जनजातीय समाज के लोगों को धर्मांतरण के षड्यंत्रों के प्रति सचेत रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कुछ स्वार्थी तत्व आदिवासियों को ‘हिन्दू नहीं’ बताकर समाज में भ्रम फैलाने और उन्हें उनकी मूल जड़ों व सनातन संस्कृति से काटने का प्रयास कर रहे हैं। श्री साय ने जनजातीय समाज से अपील की कि वे ऐसे दुष्प्रचार से सावधान रहें और अपनी पारम्परिक आस्था व सांस्कृतिक एकता को अक्षुण्ण बनाए रखें। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास शौर्य, त्याग और बलिदान से भरा रहा है। भगवान बिरसा मुण्डा के संघर्षों और ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ के उद्घोष को याद करते हुए कहा कि 1857 की क्रांति से भी पहले जनजातीय नायकों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ बिगुल फूँक दिया था। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रथम शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुण्डाधुर, राजा गेंद सिंह, झाड़ा सिरहा, हिड़मा माँझी और संत गहिरा गुरु सहित देशभर के जनजातीय महानायकों के योगदान को श्री साय ने नमन किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने जनजातीय गौरव व विकास की दिशा में केंद्र सरकार के ऐतिहासिक कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने आजादी के बाद पहली बार जनजातीय समाज को वास्तविक सम्मान और विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित कर देशभर के जनजातीय नायकों को राष्ट्रीय पहचान दी गई। साथ ही, देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद (राष्ट्रपति) पर एक जनजातीय महिला को आसीन कर समाज का मान बढ़ाया गया। जनजातीय कल्याण के बजट में अभूतपूर्व वृद्धि की गई है। ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत प्रदेश के 6,691 गांवों के 11 लाख से अधिक परिवारों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है, वहीं ‘पीएम-जनमन योजना’ के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों के 1,544 गांवों के 56,569 परिवारों की तस्वीर बदली है। केंद्र सरकार ने लघु वनोपजों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के दायरे को बढ़ाया है और ‘वन धन विकास केंद्रों’ के जरिए जनजातीय युवाओं व महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों का ब्यौरा रखते हुए कहा कि प्रदेश का कोई भी वनांचल विकास से अछूता नहीं रहेगा। दुर्गम और वनांचल क्षेत्रों को जिला व ब्लॉक मुख्यालयों, अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों से जोडऩे के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री बस योजना से बस्तर और सरगुजा सम्भाग के सैकड़ों गाँवों में सुगम आवागमन शुरू हुआ है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 7.89 लाख से अधिक जनजातीय परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में 75 एकलव्य और 14 प्रयास आवासीय विद्यालयों का संचालन हो रहा है, पिछले दो वर्षों में 90 हजार से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी गई है तथा दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की सीटें 50 से बढ़ाकर 200 की गई हैं। इसके अतिरिक्त, 4.88 लाख से अधिक व्यक्तिगत वन अधिकार पट्टों का वितरण तथा नवा रायपुर में 50 करोड़ रुपये की लागत से शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक एवं डिजिटल संग्रहालय का निर्माण कर जनजातीय विरासत को सहेजा जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने जनजाति व उप जनजाति समाज प्रमुखों सा अभिनन्दन कर उन्हें सम्मानित किया। श्री साय ने पद्मश्री अलंकरण से सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव (बिरभोर भाई) और पण्डीराम मण्डावी के साथ ही माता राजमोहिनी देवी की पुत्री रामबाई, भाजपा मण्डल अध्यक्ष भरत साहू व बूथ अध्यक्ष सूरज मण्डल को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। बाद में मुख्यमंत्री श्री साय ने बैगा-पुजारी सम्मान निधि, तेन्दूपत्ता संग्रहण की लाभांश राशि का बटन दबाकर लाभार्थियों के खाते में अंतरण किया। दशहरा मैदान में आयोजित इस भव्य सम्मेलन की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की। मंच पर भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद रूपकुमारी चौधरी, उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव व विजय शर्मा, प्रदेश शासन के मंत्रीगण ओ.पी. चौधरी, रामविचार नेताम, केदार कश्यप, लखनलाल देवांगन, दयालदास बघेल, लक्ष्मी राजवाड़े, राजेश अग्रवाल, गजेन्द्र यादव , प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय, सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसदगण बृजमोहन अग्रवाल, महेश कश्यप, भोजराम नाग, कमलेश जांगड़े, चिन्तामणि महाराज, लक्ष्मी वर्मा, भाजपा पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व विधायक लता उसेण्डी, भाजपा अजजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह सहित विधायक, जनप्रतिनिधि, निगम-मण्डल व आयोग के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए जनजातीय समाज के लोगों ने पारम्परिक नृत्य, गीत और वाद्ययंत्रों के साथ अपनी समृद्ध संस्कृति का प्रदर्शन किया, वहीं विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी ने लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी विशेष वर्चुअल उद्बोधन प्रसारित हुआ, जिसमें जनजातीय कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और हितग्राहियों को मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में जनजाति एवं उपजनजाति प्रमुखों का पारंपरिक रूप से सम्मान भी किया गया।
सीएम साय ने हितग्राहियों को दी 173 करोड़ से अधिक की बैगा-पूजारी सम्मान निधि

लोकनृत्य एवं लोक कला महोत्सव के विजेता दलों को किया सम्मानित

लोकनृत्य एवं लोक कला महोत्सव के विजेता दलों को किया सम्मानित
रायगढ़। धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज के पुजारियों और बैगा पुजारियों के लिए पूजारी सम्मान निधि योजना की राशि का अंतरण किया। इसके साथ ही तेन्दूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन पारिश्रमिक एवं सहायता राशि वितरित की तथा राज्यस्तरीय लोकनृत्य महोत्सवों के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बैगा-पूजारी सम्मान निधि योजना के अंतर्गत कुल 173 करोड़ 65 लाख रुपये की राशि जारी की। इसमें 3 हजार 473 बैगा पुजारी शामिल हैं। इस राशि के अंतरण से योजना के पात्र हितग्राहियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। इसी तरह मुख्यमंत्री ने तेन्दूपत्ता संग्रहण के प्रोत्साहन पारिश्रमिक का भी वितरण किया। इसके तहत राज्य की 386 समितियों के कुल 4 लाख 25 हजार 507 तेन्दूपत्ता संग्राहकों को 62 करोड़ 27 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई। वहीं राजमोहिनी देवी तेन्दूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के अंतर्गत 1,556 प्रकरणों में हितग्राहियों को 21 करोड़ 92 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
उल्लेखनीय है कि बैगा-पुजारी सम्मान निधि के तहत छत्तीसगढ़ के जनजातीय बाहुल्य ग्रामीण क्षेत्रों में परंपरागत रूप से वनौषधीय चिकित्सा संबंधी कार्यों में संलग्न बैगा, गुनिया एवं हडज़ोड़ लोगों की परंपरागत वनौषधीय चिकित्सा पद्धति को प्रोत्साहित करने और उनके सेवा एवं योगदान को मान्यता देने के उद्देश्य से प्रति चिन्हित व्यक्ति को प्रतिवर्ष 5,000 रुपए की सम्मान सह-प्रोत्साहन निधि प्रदाय की जाती है। इसी राजमोहिनी देवी तेन्दूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग में परिवार के मुखिया की सामान्य मृत्यु या स्थायी विकलांगता पर 2 लाख रुपए, दुर्घटना मृत्यु पर 4 लाख रुपए तथा आंशिक विकलांगता पर एक लाख रुपए की सहायता का प्रावधान है।
लोकनृत्य महोत्सव के विजेता दलों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्यस्तरीय छत्तीसगढ़ क्षेत्र लोक नृत्य महोत्सव और शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। छत्तीसगढ़ क्षेत्र लोक नृत्य महोत्सव में रायगढ़ जिले के विकासखंड रायगढ़ अंतर्गत मोहिनीपुर-चंवरपुर के कर्मा लोक नृत्य दल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने दल को दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। सूरजपुर जिले के पारंपरिक कर्मा दल को द्वितीय पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये तथा सरगुजा जिले के जय शिव शारदा कर्मा पार्टी को तृतीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। इसी तरह शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव में कोंडागांव जिले के लिंगो घोटुल माटी मांदरी नृत्य दल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिसे एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। धमतरी जिले की गढिय़ा बाबा आदिवासी लोक नृत्य सेवा समिति को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये तथा जशपुर जिले के जय मातादी करमा दल, टाटीडांड को तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विजेता लोकनृत्य दलों को सम्मानित कर जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोककलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन में उनके योगदान को प्रोत्साहित किया।


