सुरक्षा सर्वोपरि है, मौसम की मजबूरी को राजनीतिक उपहास बनाना कांग्रेस की ओछी मानसिकता का परिचायक : अंशु टूटेजा

Lochan Gupta
3 Min Read

रायगढ़। जनजातीय गौरव दिवस के पावन अवसर पर आज धरमजयगढ़ में आयोजित भव्य कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा की जा रही अनर्गल बयानबाजी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और उनकी संकीर्ण राजनीतिक सोच को दर्शाती है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी का कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्लेन जिंदल हवाई पट्टी पहुंचा था, लेकिन खराब मौसम एवं अत्यंत कम विजिबिलिटी के कारण सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए प्लेन की लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। ऐसे में किसी भी प्रकार का जोखिम न लेते हुए लैंडिंग निरस्त करने का निर्णय लिया गया।
यह एक सामान्य सुरक्षा प्रक्रिया है। किसी भी बड़े नेता या जनप्रतिनिधि की सुरक्षा सर्वोपरि होती है। लेकिन कांग्रेस के नेता इस गंभीर परिस्थिति को भी राजनीतिक मजाक बनाकर यह प्रचारित कर रहे हैं कि कार्यक्रम फ्लॉप था और राष्ट्रीय अध्यक्ष भाग गए। मैं कांग्रेस के नेताओं से पूछना चाहता हूं कि क्या किसी व्यक्ति की सुरक्षा से बढक़र आपके लिए राजनीतिक मजाक है? क्या मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और सुरक्षा संबंधी निर्णयों का भी राजनीतिकरण किया जाना चाहिए? हकीकत यह है कि जनजातीय गौरव दिवस किसी एक व्यक्ति का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के जनजातीय समाज के गौरव, सम्मान, स्वाभिमान और अस्मिता का उत्सव है। धरमजयगढ़ में जिस उत्साह और उमंग के साथ हजारों कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने इस आयोजन में सहभागिता की, वह इस कार्यक्रम की सफलता का प्रमाण है। कांग्रेस को शायद यह बात हजम नहीं हो रही है कि भाजपा सरकार जनजातीय समाज के महापुरुषों, उनके इतिहास और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कांग्रेस के नेताओं को सलाह है कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी की सुरक्षा और मौसम की प्राकृतिक परिस्थितियों का मजाक बनाकर अपनी राजनीतिक हताशा प्रदर्शित न करें। कार्यक्रम में किसी का प्लेन नहीं उतर पाया, लेकिन जनजातीय गौरव का संकल्प और कार्यकर्ताओं का उत्साह पूरी मजबूती से धरातल पर उतरा है। कांग्रेस को इस आयोजन की सफलता पर सवाल उठाने के बजाय जनजातीय समाज के सम्मान और उत्थान के विषय में सकारात्मक सोच रखनी चाहिए।

Share This Article