रायगढ़। चार दिवसीय छठ महापर्व पूरे उत्साह और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। रविवार शाम हजारों की संख्या में व्रती और श्रद्धालु केलो नदी के छठ घाटों पर पहुंचे। यहां व्रतियों ने घुटने तक पानी में उतरकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घाटों पर शाम से ही श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।
रविवार शाम करीब 4 बजे से ही व्रती अपने परिवार के साथ छठ घाटों पर पहुंचने लगे। किसी ने सिर पर तो किसी ने हाथों में फल और पूजन सामग्री से सजी बांस की टोकरी उठा रखी थी। घाट पर पहुंचकर व्रतियों ने विधि-विधान से पूजा की और पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया।
जूटमिल घाट पर सबसे ज्यादा भीड़
शहर का सबसे बड़ा छठ घाट जूटमिल में है। यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचे। इसके अलावा एसईसीएल रोड और खर्रा घाट रोड स्थित छठ घाटों पर भी व्रतियों और परिवारों की भीड़ रही। छठ पर्व को देखते हुए नगर निगम ने करीब एक सप्ताह पहले से घाटों की साफ-सफाई शुरू कर दी थी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लाइट, पानी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई थीं। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस के जवान भी अलग-अलग जगहों पर तैनात रहे। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना की।


