बैल के धान चरने पर विवाद, बुजुर्ग की पीटकर हत्या

Lochan Gupta
4 Min Read

जशपुर। खेत में बैल के धान की फसल चरने की बात को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक ग्रामीण ने 56 वर्षीय बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोपी ने बांस और लकड़ी के डंडे से बुजुर्ग के पीठ, जांघ और हाथ पर ताबड़तोड़ वार किए। लात-घूंसों से भी मारपीट की। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल जशपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बसलंघना की है। पुलिस ने मामले में आरोपी फिटू राम उर्फ धनक राम (52) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक एतवा राम (56) निवासी ग्राम बसलंघना 11 नवंबर की शाम अपने बैलों को चराने के लिए घर के नीचे टंगरागढ़ा स्थित खेत की ओर गए थे। इसी दौरान गांव का ही फिटू राम उर्फ धनक राम अपने खेत में पहुंचा। वहां एतवा राम के बैल धान की फसल चर रहे थे। इसी बात को लेकर आरोपी नाराज हो गया और बैलों को खेत से भगाने की बात कहने लगा। उस समय एतवा राम खेत में करंज के पेड़ के नीचे जमीन पर लेटे हुए थे। आरोपी ने उन्हें आवाज लगाई, लेकिन तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर वह आक्रोशित हो गया और मारपीट शुरू कर दी। आरोपी ने पहले बांस के पतले डंडे से एतवा राम की पीठ और जांघ पर वार किए। इसके बाद बांस का डंडा फेंककर पास में पड़े लकड़ी के मोटे डंडे से लगातार हमला करने लगा। हमले में एतवा राम गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। इस दौरान मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना की सूचना मिलने पर मृतक के दामाद दीपक बघेल (33) अपने दोस्त के स्कॉर्पियो वाहन से मौके पर पहुंचे। वे घायल एतवा राम को तत्काल जिला अस्पताल जशपुर लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दीपक बघेल की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम किया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 374/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

झाडिय़ों से बरामद किए हमले में इस्तेमाल डंडे

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेही फिटू राम उर्फ धनक राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बैलों के खेत में धान चरने की बात को लेकर एतवा राम के साथ मारपीट करना स्वीकार किया। उसने बताया कि मारपीट के बाद घटना में इस्तेमाल किए गए बांस और लकड़ी के दोनों डंडों को घटनास्थल के पास झाडिय़ों में फेंक दिया था। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने झाडिय़ों से दोनों डंडे बरामद कर जब्त कर लिए। पुलिस के अनुसार, पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने बताया कि ग्राम बसलंघना में बैलों के खेत में धान की फसल चरने की बात को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने बुजुर्ग एतवा राम के साथ बांस और लकड़ी के डंडे से मारपीट की थी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दोनों डंडे भी जब्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Share This Article