रायगढ़। गुरुवार को करंट लगने से युवक की मौत हो गई। उसका शव जिला अस्पताल की मॉर्चुरी में रखा गया था, लेकिन शुक्रवार सुबह पोस्टमॉर्टम से पहले ही शव डीकंपोज होने लगा। शव से खून बहता देख परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की। सिविल सर्जन की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिजन शांत हुए। परिवार वालों का आरोप है कि फ्रीजर पहले से खराब था, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने यह बात छिपाई। हंगामे के बाद सिविल सर्जन ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरानगर सिद्धिविनायक कालोनी के पास निवासी रमेश चक्रधारी पिता उमेश चक्रधारी (26 वर्ष) गुरुवार को दोपहर में अपने कार वाशिंग सेंटर में कार की धुलाई कर रहा था, इस दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गया, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां जांच के बाद डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ऐसे में शाम करीब 5 बजे उसके शव को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और यहां कागजी कार्रवाई के बाद शव को अस्पताल के मरच्यूरी में स्थित फ्रीजर में शव को रखवाकर अपने घर चले गए। ऐसे में शुक्रवार को सुबह जब पोस्टमार्टम कराने के लिए अस्पताल पहुंचे और मरच्यूरी खोलवाए तो फ्रीजर बंद होने के कारण शव से स्मैल आने लगा था जिसको लेकर परिजन व मोहल्लेवासियों ने अस्पताल प्रंबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन मौके पर पहुंचे और परिजनों को आश्वासन दिया कि इस गंभीर मामले की जांच की जाएगी, साथ ही दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों पर उचित कार्रवाई होगी, तब जाकर मामला शांत हुआ और दोपहर करीब एक बजे परिजन शव को लेकर अपने घर गए।
फ्रीजर खराब होने का लगाया आरोप
रमेश के भाई गणेश चक्रधारी ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 4.30 बजे करंट लगने से रमेश की मौत हुई थी। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया था। अस्पताल की ओर से बताया गया था कि फ्रीजर चालू है।
टेंपरेचर कंट्रोल नहीं होने से आई समस्या
अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल ने बताया कि फ्रीजर में किसी कारण से टेंपरेचर कंट्रोल नहीं हो पा रहा था। संभव है कि शॉर्ट सर्किट के कारण फ्रीजर खराब हुआ हो।


