विभूति इंडेन गैस की अजब लीला, सिलेंडर लेने उपभोक्ता खुद बन रहे ‘डिलीवरी बॉय

होम डिलीवरी का पैसा चुकाकर शहर के बाहर से सिलेंडर ढो रहे ग्राहक

Lochan Gupta
5 Min Read

खरसिया। सिद्धार्थ शर्मा। इसे आधुनिक व्यापार का अनूठा मॉडल कहें या गैस संचालकों की बेलगाम मनमानी, कि पैसा आप ‘होम डिलीवरी का दें और पसीना आप अपना बहाकर सिलेंडर शहर के बाहर से ढोकर लाएँ। खरसिया में विभूति इंडेन गैस एजेंसी के संचालकों ने शायद अपने मुनाफे का गणित कुछ ऐसा बिठा लिया है कि उन्हें आम जनता की जेब काटने और उनकी परेशानियों से जरा भी गुरेज नहीं है। एजेंसी का खेल बड़ा साफ़ है गाड़ी शहर से बाहर किसी नुक्कड़ पर खड़ी कर दी जाती है, और ग्राहक अपनी गाढ़ी कमाई का पूरा भुगतान करने के बाद भी बैलगाड़ी वाले जमाने की तरह खुद अपना सिलेंडर ढोने को मजबूर हैं।

नियम कागजों पर, और जनता की खाल मैदान पर

पेट्रोलियम कंपनियों के नियम ढिंढोरा पीटते हैं कि घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किग्रा) की खुदरा कीमत में उपभोक्ताओं के घर की देहरी तक सिलेंडर पहुँचाने का परिवहन और डिलीवरी शुल्क पहले से ही जुड़ा होता है।

नियम कागजों पर, और जनता की खाल मैदान पर

पेट्रोलियम कंपनियों के नियम ढिंढोरा पीटते हैं कि घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किग्रा) की खुदरा कीमत में उपभोक्ताओं के घर की देहरी तक सिलेंडर पहुँचाने का परिवहन और डिलीवरी शुल्क पहले से ही जुड़ा होता है।

खाड़ी युद्ध की मलाई और स्थानीय जनता की कलाई

एजेंसी संचालकों को ऐसा लगता है कि खरसिया की जनता के पास काम-धंधा छोडक़र सिर्फ गैस की गाडिय़ों के पीछे भागने के अलावा कोई दूसरा राष्ट्रीय कर्तव्य नहीं बचा है। कभी खाड़ी देशों के तनाव और अंतरराष्ट्रीय संकटों की आड़ में कृत्रिम किल्लत पैदा कर ‘ब्लैक’ में सिलेंडर बेचने के महारथी रहे इन प्रबंधकों ने अब नया पैंतरा खोज निकाला है— डीजल बचाओ, स्टाफ घटाओ और जनता को पैदल दौड़ाओ! घर-घर सप्लाई के नाम पर मिलने वाली पूरी सब्सिडी और शुल्क डकारने के बाद, एजेंसी अपने कर्मचारियों की संख्या को घटाने के लिए शहर के बाहर एक अस्थायी ‘गैस मंडी’ सजा देती है।

कब जागेगा प्रशासन

गैस उपभोक्ताओं की छाती पर मूँग दल रहे इस कारखाने नुमा एजेंसी की मनमानी अब बर्दाश्त के बाहर हो चुकी है। घर चलाने वाली इस सबसे बुनियादी जरूरत पर डाका डालने वाले इन संचालकों पर खाद्य विभाग और जिला प्रशासन की आँखें कब खुलेंगी, यह बड़ा सवाल है। यदि आप भी इस खुली लूट से त्रस्त हैं, तो इंडियन ऑयल के टोल-फ्री नंबर 1800-233-3555, ‘इंडियन ऑयल वन’ ऐप या रायगढ़ के जिला खाद्य अधिकारी जिनका नंबर एजेंसी में लिखा हुआ है, के दरवाजे खटखटाने में बिल्कुल संकोच न करें, क्योंकि चुप रहने से इन तानाशाहों के हौसले और बुलंद होते हैं!

बुजुर्गों और महिलाओं के संघर्ष पर संवेदनहीनता का तमाशा

इस अव्यवस्था का शिकार वे लोग हो रहे हैं जिनके लिए रसोई गैस लाना किसी युद्ध जीतने से कम नहीं है। 14 किलो के लोहे के भारी-भरकम सिलेंडर को शहर के बाहर से रिक्शे या ऑटो में लादकर घर लाना बुजुर्गों की कमर तोडऩे के लिए काफी है। क्या एजेंसी संचालक इन लाचारों का मुफ्त इलाज करवाने आएंगे? सुबह से शाम तक दो जून की रोटी के लिए संघर्ष करने वाले वेतनभोगी कर्मचारियों को गैस के दर्शन करने के लिए अपनी नौकरी से छुट्टी लेनी पड़ रही है। मजदूरी खोकर सिलेंडर ढोने की यह विवशता किसी यातना से कम नहीं है। विशेषकर अकेली रहने वाली महिलाओं के लिए सिलेंडर लेके आना किसी महाभारत से कम नहीं है। हमारे प्रतिनिधि सिद्धार्थ शर्मा द्वारा अपना परिचय देते हुए डिलीवरी बाय से ऑन रिकॉर्ड जब पूछा गया कि कितना रुपए ले रहे हो, तो उसके द्वारा बताया गया कि 1,031 रुपये लिया जा रहा है, पूछने पर उसने कहा कि इसमें होम डिलीवरी का चार्ज शामिल है कि नहीं मुझे नहीं मालूम।

क्या कहते हैं इंडियन गैस के अधिकारी

इस संबंध में इंडेन गैस के अधिकारी तरुण साधवानी जी से बात करने पर उन्होंने कहा कि अगर एजेंसी संचालक द्वारा घर पहुंच सेवा नहीं दी जा रही है तो सिलेंडर की कीमत 1,031 रुपये में होम डिलीवरी चार्ज 35 रुपए उपभोक्ता को वापस करना होगा। मेरे द्वारा डिस्ट्रीब्यूटर को एडवाइस दी जाएगी और आप इस पर शिकायत कीजिए। हमारे द्वारा कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article