सडक़ से हटाए 24 ठेला-गुमटी, 13 ठेले जब्त

निगम ने सिग्नल चौक से चक्रधर नगर चौक तक की कार्रवाई, अतिक्रमणकारियों पर21 हजार जुर्माना

Lochan Gupta
2 Min Read

रायगढ़। नगर निगम ने सडक़ों और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। सिग्नल चौक से चक्रधर नगर चौक तक सडक़ के दोनों ओर 24 ठेला-गुमटियां हटाई गईं। वहीं, 13 ठेले जब्त किए गए। नियमों का उल्लंघन करने वालों से 21 हजार रुपए जुर्माना भी वसूला गया।
नगर निगम के अतिक्रमण निवारण दस्ते ने यह कार्रवाई की। इस दौरान सडक़ किनारे अवैध रूप से लगाए गए 24 ठेला-गुमटियों को हटाया गया। वहीं, स्थायी निर्माण कर संचालित किए जा रहे 13 ठेले जब्त किए गए। सडक़ और फुटपाथ पर अतिक्रमण होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। खासकर शाम के समय इस सडक़ पर लोगों को ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए निगम की टीम ने कार्रवाई की। लोगों का कहना है कि नगर निगम को रामनिवास टॉकीज चौक से पुराना शनि मंदिर और स्टेशन चौक तक भी अतिक्रमण हटाना चाहिए। यह शहर की सबसे व्यस्त सडक़ों में शामिल है। यहां सडक़ पर अतिक्रमण होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
अतिक्रमण करने वालों पर लगातार होगी कार्रवाई
नगर निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि शहर की प्रमुख सडक़ों और चौक-चौराहों पर अतिक्रमण से यातायात प्रभावित होता है। लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि सडक़ और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर ने व्यापारियों और ठेला संचालकों से सडक़, फुटपाथ और सार्वजनिक जगहों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। साथ ही यातायात व्यवस्था और शहर की सफाई बनाए रखने में सहयोग करने को कहा।

Share This Article