रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी धान खरीदी से पहले किसानों के सामने आ रही तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं को लेकर प्रदेशभर के तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार 13 नवंबर को एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने किसानों की समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर यह निर्णय लिया है। इस दौरान प्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों में राजस्व अधिकारी एकत्रित होकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम संभागायुक्त और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष पेखन टोण्ड्रे ने बताया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस), पीवी ऐप, एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्री, धान रकबा सत्यापन और किसान पंजीयन से जुड़ी तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं के कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राजस्व अधिकारियों के प्रयासों के बावजूद डिजिटल पोर्टल की खामियों, संशोधन की पर्याप्त सुविधा नहीं होने और पटवारियों की हड़ताल से कई प्रकरणों का स्थानीय स्तर पर निराकरण नहीं हो पा रहा है।
किसानों की परेशानी पर लामबंद हुए तहसीलदार-नायब तहसीलदार
आज सामूहिक अवकाश पर रहने का लिया निर्णय, सीएम के नाम संभागायुक्त और कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन


